Chhath Puja 2026 : आज खरना के साथ शुरू हुआ छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास, कल दिया जाएगा पहला अर्घ्य
Chhath Puja 2026 : खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रती 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेती हैं, जो छठ महापर्व का सबसे कठिन हिस्सा माना जाता है।
JEHANABAD : छठ महापर्व के दुसरे दिन छठ व्रतियों ने खरना किया। जहाँ खरना का प्रसाद बनाकर लोगों के बीच वितरित किया गया। जहानाबाद में भी छठ व्रतियों ने खरना के मौके पर प्रसाद वितरित किया और कहा की इस पर्व में जितना महत्व साफ़ सफाई और स्वच्छता का है, उतना महत्व ही पवित्रता का है। उन्होंने कहा की बिहार में यह पर्व लोगों के लिए बेहद ख़ास होता है। जिसमें देश-विदेश के कोने कोने में बसे लोग भी अपने घर आने को लालायित रहते हैं। व्रतियों ने कहा की यह पर्व हमारे प्रकृति के प्रति प्रेम का परिचायक है। इस पर्व में जहाँ हम उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। वहीँ प्रकृति से मिले फल फूल और अन्य सामग्रियों का उपयोग करते हैं। जिसमें मिट्टी के चूल्हें, माटी के दिए, गागल, सुथनी जैसे फलों का महत्व भी बढ़ जाता है।

नहाय खाय के साथ शुरुआत
बताते चलें की बिहार सहित पूरे देश में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को पारंपरिक और पवित्र अनुष्ठान ‘नहाय-खाय’ के साथ हो चुकी है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को 'खरना' का अनुष्ठान अत्यंत निष्ठा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद संध्या बेला में स्नान कर विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर रही हैं।

खरना और 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प
खरना के दिन शनिवार को व्रती पारंपरिक रूप से गन्ने के रस या गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पकवान प्रसाद के रूप में तैयार करती हैं। संध्या बेला में भगवान को भोग अर्पित करने के बाद व्रती स्वयं प्रसाद ग्रहण करती हैं और इसे परिवार तथा आसपास के लोगों में वितरित करती हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जिसे छठ महापर्व का सबसे कठिन और महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यह उपवास तब तक अनवरत जारी रहता है, जब तक कि डूबते सूर्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के सभी मुख्य अनुष्ठान संपन्न नहीं हो जाते।

सामूहिक भागीदारी और लोकगीतों की गूंज
छठ पर्व परिवारों, समाज और समुदायों की सामूहिक भागीदारी का एक अनूठा और जीवंत प्रतीक है। ‘नहाय-खाय’ की शुरुआत के साथ ही घरों, गलियों और घाटों पर पारंपरिक और कर्णप्रिय छठ गीत गूंजने लगे हैं। परिवार के सभी सदस्य आपसी सहयोग से पूजा की टोकरियाँ सजाने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।