Bihar News:बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत, 5 झुलसे, गांव में मचा कोहराम
Bihar News:आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं।

Kaimur: जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मोहनिया थाना क्षेत्र के दनियालपुर कुरुई गांव में खेत में काम कर रही महिलाओं पर रविवार को अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस भीषण हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं। गांव में मातम का माहौल है।
कुमारी देवी (पति मनोज राम), प्रेमशिला देवी (पति मदन राम),मांग्री देवी (पति अशोक राम) की मौत हो गई वहीं मीरा देवी (पति रोहित राम), जानकी देवी (पति हरिश्चंद्र,कुंती देवी (पति श्रीराम), गीता देवी (पति मदन राम) घायल हो गई है।
सभी महिलाएं एक ही गांव की बताई जा रही हैं। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चार महिलाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पार्षद गीता पासी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली से तीन महिलाओं की मौत और कई घायल होना बेहद दुखद है। मैं सरकार से मांग करती हूं कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आपदा राहत राशि और मुआवजा दिया जाए।
मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है और पांच घायल हैं। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
वहीं, मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग कह रहे हैं कि सुबह खेत में काम करने गईं महिलाएं इस तरह कभी लौटकर घर नहीं आएंगी, यह किसी ने सोचा भी नहीं था।
रिपोर्ट- देव कुमार तिवारी