Bihar News: भभुआ बाल सुधार गृह में किशोर की संदिग्ध मौत पर बवाल, कैंडल मार्च में गूंजी इंसाफ की हुंकार
Bihar News: बाल सुधार गृह में 16 वर्षीय रुस्तम राईन की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।...
Bihar News: भभुआ के बाल सुधार गृह में 16 वर्षीय रुस्तम राईन की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। किशोर की मौत को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। इंसाफ की मांग को लेकर छावनी मोहल्ले से एकता चौक तक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में शामिल लोगों ने सुधार गृह प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय न्यायिक जांच तथा दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों के मुताबिक रुस्तम 20 अगस्त से चैनपुर स्थित बाल सुधार गृह में निरुद्ध था। 10 सितंबर को उसे पेशी के लिए भभुआ सिविल कोर्ट लाया गया था। परिवार का दावा है कि दोपहर में मुलाकात के दौरान रुस्तम पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन सुधार गृह लौटने के कुछ घंटे बाद उसकी मौत की खबर मिली। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव देखने के बाद परिजनों ने रुस्तम के गले पर गहरे काले-नीले निशान होने का दावा किया। परिजनों ने आशंका जताई कि किशोर की गला घोंटकर हत्या की गई है। वहीं सुधार गृह कर्मियों के बयानों में कथित विरोधाभास ने भी मामले को और पेचीदा बना दिया है। इंचार्ज की ओर से खाना खाते समय तबीयत बिगड़ने की बात कही गई, जबकि कुछ कर्मियों ने शौचालय में बेहोश मिलने का दावा किया।
मृतक के पिता की तहरीर पर चैनपुर थाने में सुधार गृह इंचार्ज अजय कुमार समेत सात नामजद और अन्य अज्ञात कर्मियों के खिलाफ हत्या व आपराधिक साजिश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने न्यायिक जांच शुरू करा दी है। एहतियातन संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।
रिपोर्ट- देव तिवारी