Bihar Crime: जेल से छूटकर आया हूं' कहकर CSP में मचाया उत्पात, कैमूर में अपराधियों का दुस्साहस

Bihar Crime: मोहनियां में यूनियन बैंक सीएसपी में दिनदहाड़े घुसकर तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार, पांच से छह लोगों ने लैपटॉप समेत कई सामान तोड़ दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bihar Crime
कैमूर में दिनदहाड़े CSP सेंटर में घुसे बदमाश- फोटो : news4nation

Bihar Crime: बिहार के मोहनियां में एक यूनियन बैंक सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) में दिनदहाड़े कुछ लोगों द्वारा घुसकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार, पांच से छह लोग पहले पास की एक दुकान पर जाकर धमकी देने लगे और इसके बाद वे सीएसपी केंद्र में घुस गए। वहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की और कई सामान को नुकसान पहुंचाया।

बताया गया है कि आरोपियों ने सीएसपी में रखा लैपटॉप समेत कई उपकरण तोड़ दिए। उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, कैमरा टूटने से पहले घटना का पूरा घटनाक्रम उसमें रिकॉर्ड हो गया, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।

सीएसपी केंद्र में घुसकर की तोड़फोड़

पीड़ित ब्रजेंद्र कुमार ने बताया कि उस समय ग्राहक कम होने के कारण वह अपनी दुकान के बाहर बैठा था। तभी पांच से छह लोग वहां पहुंचे और पास की दुकान में धमकी देने लगे। इसके बाद वे उसके सीएसपी केंद्र में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति कह रहा था कि वह अभी जेल से छूटकर आया है और अब इलाके में उसी की दबंगई चलेगी।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है

पीड़ित के अनुसार, इस घटना में उसे लगभग दो से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद उसने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।मामले की जानकारी मिलने पर मोहनियां के डीएसपी गोपाल कृष्ण भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। इस मामले में मोहनियां थाने में एक नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Report devbrat tiwari