कैमूर के कुदरा में नेशनल हाईवे-19 पर सैरात वसूली के नाम पर अवैध उगाही: ऑटो चालकों से मारपीट, पुलिस और प्रशासन में आपसी खींचतान
Kaimoor : जिले के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में सैरात वसूली के नाम पर खुलेआम अवैध उगाही का खेल चल रहा है। नेशनल हाईवे-19 पर भभुआ मोड़ के पास टेंडर धारक के कर्मचारियों द्वारा वाहनों को रोककर जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। नियमानुसार नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर किसी भी प्रकार की सैरात, पार्किंग या तहबाजारी वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद यह गैर-कानूनी कारोबार प्रशासन की नाक के नीचे धड़ल्ले से जारी है।
ऑटो चालकों का दर्द: पैसे न देने पर होती है मारपीट
पीड़ित ऑटो चालकों का आरोप है कि उनसे रोजाना जबरिया वसूली की जाती है और रकम न देने पर उनके साथ मारपीट तक की जाती है। मजबूरी में ड्राइवरों को डर के साए में पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।
अधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर, एक-दूसरे पर पल्ला झाड़ रहे जिम्मेदार
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय की कमी साफ नजर आ रही है और अधिकारी जिम्मेदारी से बचते दिख रहे है। कुदरा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी (EO) उजली राज का कहना है कि नगर पंचायत की तरफ से कोई अवैध वसूली नहीं कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में थाने को लिखित सूचना दी गई है और अवैध वसूली करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने ऐसी किसी भी सूचना से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी ही नहीं है कि वसूली कहां और कैसे हो रही है।
देवव्रत की रिपोर्ट