Bihar News : कैमूर में चुनावी रंजिश को लेकर बदमाशों ने मुखिया के घर पर किया हमला, भाई को मारी गोली और बेटी को चाकू से रेता, गांव में तनाव का माहौल
Bihar News : चुनावी रंजिश को लेकर बदमाशों ने मुखिया के घर पर हमला कर दिया. जहाँ मुखिया के भाई को गोली मार दी. वहीँ भतीजी पर जानलेवा हमला कर दिया.......पढ़िए आगे
KAIMUR : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में रविवार की देर रात चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। पुरानी दुश्मनी को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने वर्तमान मुखिया सुभाष सिंह के घर पर धावा बोल दिया। इस हमले में मुखिया के भाई को गोली मार दी गई, जबकि उनकी भतीजी (भाई की बेटी) पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। इस दोहरे हमले से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर देर रात हथियार और चाकू से लैस होकर मुखिया के घर पहुंचे और अचानक हमला शुरू कर दिया। अपराधियों ने मुखिया के 55 वर्षीय भाई शरीफ सिंह को लक्ष्य कर गोलीबारी की, जिससे गोली उनके बाएं हाथ में जा लगी। बीच-बचाव करने आई शरीफ सिंह की 19 वर्षीय पुत्री किरण कुमारी पर हमलावरों ने चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रंजन प्रकाश ने बताया कि शरीफ सिंह की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि किरण का इलाज भभुआ में ही चल रहा है।
सूचना पाकर चैनपुर थाना पुलिस मदुरना गांव पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पंचायत चुनाव के समय से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जो रविवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और ग्रामीणों से हमलावरों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि बहुत जल्द सभी दोषी सलाखों के पीछे होंगे।
देवब्रत की रिपोर्ट