Bihar Crime : इंस्टाग्राम पर हथियार का खौफ दिखाना पड़ा भारी! वायरल वीडियो ने खोला राज, मोहनिया पुलिस ने युवक को दबोचा, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई तेज
Bihar Crime:इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
Kaimur: सोशल मीडिया पर दबंगई और खौफ फैलाने के लिए हथियार लहराने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हथियार की बरामदगी और पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी गांव निवासी रितेश कुमार , पिता किशुन शाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक कथित तौर पर हथियार लहराते हुए नजर आ रहा था।
वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मोहनिया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान की, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान रितेश कुमार के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए मोहनिया थाना कांड संख्या 519/26 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिख रहा हथियार कहां से आया और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मोहनिया के प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर वीडियो वायरल करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वीडियो में दिख रहा हथियार बरामद नहीं हो पाया है, लेकिन उसकी तलाश जारी है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हथियार की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह मामला उन युवाओं के लिए भी चेतावनी है, जो सोशल मीडिया पर लाइक और लोकप्रियता के लिए हथियारों का प्रदर्शन कर अपराधी छवि बनाने की कोशिश करते हैं। पुलिस का साफ संदेश है कि वर्चुअल दुनिया में दिखाई जाने वाली दबंगई भी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकती।
रिपोर्ट- देव तिवारी