Bihar News : कैमूर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर भभुआ सब्जी मंडी हत्याकांड का किया खुलासा, नशे के कारोबार ने ली युवक की जान, 4 आरोपी गिरफ्तार
Bihar News : कैमूर के भभुआ सब्जी मंडी के पास अपराधियों ने चाकू मारकर युवक की हत्या कर दिया था. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है....पढ़िए आगे
KAIMUR : जिले के भभुआ सब्जी मंडी के पास दो दिन पूर्व हुई युवक धनजी उर्फ रंजय पासवान की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। इस हत्या के विरोध में कैमूर पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल करते हुए आरोपियों का 'गुंडा परेड' भी कराया गया, जिससे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नशे के कारोबार और पैसों के लेनदेन को लेकर हुई थी हत्या
कैमूर एसपी शिखर चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक धनजी उर्फ रंजय पासवान (जो भभुआ के वार्ड नंबर 25 का रहने वाला था) की हत्या नशे के कारोबार और पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर हुई थी। विवाद के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए थे, जिसके बाद लगभग 10 से 20 की संख्या में शामिल अपराधियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना को लेकर थाने में 6 नामजद सहित 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
कैमूर में पहली बार हुआ आरोपियों का 'गुंडा परेड'
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी (SIT) टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल कृष्णा पटेल ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसी ने धनजी पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों मुख्य आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर उनका 'गुंडा परेड' कराया। इस दौरान भभुआ सब्जी मंडी, पास वाली गली और एकता चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर आरोपियों को घुमाया गया और विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की गई।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है, जिसकी जांच एफएसएल (FSL) टीम से कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष बचे सभी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
देवब्रत की रिपोर्ट