शिक्षिका के बंद घर को चोरो ने बनाया निशाना : ताला तोड़कर उड़ाये करोड़ो की संपत्ति, इलाके में सनसनी

कैमूर जिले के भभूआ में बेखौफ चोरो ने एक शिक्षिका के घर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरो ने शिक्षिका के बंद घर का ताला तोड़कर करोड़ो रुपये की संपत्ति चोरी कर ली है। घटना के बाद इलाके मे दहशत व्याप्त है....

शिक्षिका के बंद घर को चोरो ने बनाया निशाना : ताला तोड़कर उड़
शिक्षिका के बंद घर को चोरो ने बनाया निशाना- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के भभुआ नगर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक शिक्षिका के बंद घर का ताला तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। त्योहारी सीजन के बीच हुई इस बड़ी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता का माहौल है।


दो दिनों के लिए बनारस गए थे परिजन, सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना

पीड़िता सीमा कुमारी शिवपुर स्थित एक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अपने परिवार के साथ दो दिनों के लिए बनारस स्थित अपने दूसरे मकान पर गई हुई थीं। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी व बक्से खंगाल डाले। चोर घर से करीब 5 किलो चांदी, शादी व मायके के भारी सोने के जेवरात तथा 2 लाख रुपये नकद चुरा ले गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।


मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया

घटना की जानकारी तब मिली जब स्थानीय लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा और इसकी सूचना तुरंत पीड़िता को दी। सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (FSL), डीआईयू (DIU) और डॉग स्क्वॉयड की विशेष टीमों को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया गया।


कैमूर एसपी शिखर चौधरी ने दी जानकारी, संदिग्धों के नाम पर हो रही है पड़ताल

इस हाई-प्रोटिफ़ाइल चोरी के मामले पर कैमूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी ने बताया कि परिवार पिछले दो-तीन दिनों से बाहर था और इसी दौरान चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड की टीमें मौके पर बारीकी से साक्ष्य जुटा रही हैं। परिजनों द्वारा कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को बताए गए हैं, जिन पर पुलिस बेहद गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे का किया दावा

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि अपराधियों के आने-जाने के रास्तों का पता चल सके। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और चोरी गई संपत्ति का सटीक आकलन किया जा रहा है। एसपी शिखर चौधरी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस जल्द ही इस भीषण चोरी का पर्दाफाश कर लेगी और वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।


देवव्रत की रिपोर्ट