Bihar News : 72 घंटे में गोलीबारी की दूसरी घटना से दहला मोहनिया, खेत में सो रहे बुजुर्ग किसान को बदमाशों ने मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News : कैमूर जिले के मोहनिया में खेत में सो रहे बुजुर्ग को बदमाशों ने गोली मार दी. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : 72 घंटे में गोलीबारी की दूसरी घटना से दहला मोहन
किसान को मारी गोली - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले 72 घंटों के भीतर गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला नावागांव का है, जहाँ एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को बेखौफ अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, नावागांव निवासी स्वर्गीय बालगोविंद सिंह के 70 वर्षीय पुत्र रामदुलार सिंह अपने खेत की रखवाली करने और सिंचाई के बाद दालान में सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी, जो उनकी बांह में जा लगी। घटना के बाद बदहवास परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए।

घायल बुजुर्ग के पुत्र मुन्ना सिंह ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था, फिर भी सोते समय पिता पर यह जानलेवा हमला किया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने वाले चिकित्सक डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि मरीज की बांह में गंभीर चोट और हड्डी में फ्रैक्चर है। बुजुर्ग की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों का बयान दर्ज कर छानबीन में जुट गई। इस संबंध में मोहनिया के एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पीड़ित पक्ष से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिनों में गोलीबारी की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा उठ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और घटना में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

देवब्रत की रिपोर्ट