Bihar News : कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने की मामला, मृतका के ससुर को किया गिरफ्तार, पति पहले ही कर चुका है सरेंडर

Bihar News : कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के पतेलवां गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस
ससुर गिरफ्तार - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के पतेलवां गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पतेलवां गांव निवासी स्वर्गीय शेख कासिम के पुत्र शेख हामिद के रूप में की गई है. पुलिस ने आरोपी ससुर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 14 जून को मोहनिया पुलिस को पतेलवां गांव में एक विवाहिता की मौत होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो विवाहिता का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा हुआ था. घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने उस वक्त शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया था.

इस घटना के बाद मृतका के पिता ने अपनी बेटी की हत्या का गंभीर आरोप लगाया था. उन्होंने ससुराल पक्ष के कुल पांच लोगों के विरुद्ध मोहनिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मोहनिया थाना कांड संख्या 437/26 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की. पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए मामले के मुख्य आरोपी और मृतका के पति ने बीते 25 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया.

मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में नामजद आरोपी शेख हामिद (ससुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की टीम केस दर्ज होने के बाद से ही लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय है और इसी कड़ी में यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है. थानाध्यक्ष ने आगे कहा कि इस कांड में शामिल अन्य फरार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है.

देवब्रत की रिपोर्ट