Bihar News : कैमूर में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, भारी मात्रा में शराब, हेरोइन और नशीले इंजेक्शन के साथ 6 को किया गिरफ्तार

Bihar News : कैमूर पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ अभियान में भारी मात्रा में शराब और नशीले इंजेक्शन बरामद किया है. वहीँ 6 नशेड़ियों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने कसा शिकंज
नशे के खिलाफ अभियान - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया है। इसी कड़ी में मोहनिया समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 282 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब ले जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान रोहतास जिले के डिहरी नगर थाना क्षेत्र के न्यू डालमिया वार्ड संख्या-21 निवासी प्रदीप विश्वकर्मा के 25 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। समेकित जांच चौकी के उत्पाद निरीक्षक गुंजेश कुमार ने बुधवार सुबह फोन पर बताया कि नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान संदेह के आधार पर एक कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से कुल 282 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही चालक अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया तथा शराब और कार दोनों को जब्त कर लिया गया। उत्पाद निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह रोहतास जिले में शराब तस्करी के एक मामले में पूर्व में जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद वह दोबारा अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त पाया गया। उत्पाद विभाग ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

वहीँ कैमूर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहनिया थाना क्षेत्र के अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर से नशे का इंजेक्शन लेते चार युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके पास से दो नशीले इंजेक्शन की शीशी भी बरामद की है। पकड़े गए सभी युवकों को पूछताछ के लिए मोहनिया थाना लाया गया है।जानकारी के अनुसार कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में स्पेशल बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सादे लिवास में पुलिसकर्मी प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, जुआ अड्डों, नशे से प्रभावित क्षेत्रों तथा अन्य अपराध संभावित स्थानों पर निगरानी और जांच कर रहे हैं। 

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोहनिया बस स्टैंड परिसर में कुछ युवक नशीले इंजेक्शन का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार युवकों को नशे का इंजेक्शन लेते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो नशीले इंजेक्शन की शीशी भी बरामद हुई। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले इंजेक्शन उन्हें कहां से उपलब्ध कराए गए और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बुधवार सुबह फोन पर बताया कि चार युवकों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीँ जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती गांव के पास से दुर्गावती पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर  6 पुड़िया हेरोइन जैसा मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बॉबी देओल पिता श्रीकांत राम नई बस्ती थाना दुर्गावती जिला कैमूर के रूप में हुई है। इस संबंध में पूछे जाने पर एस डी पी ओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती गांव के पास एक व्यक्ति द्वारा हेरोइन जैसा मादक पदार्थ छुपाकर बेचा जा रहा है। सूचना प्राप्त होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए  बॉबी देओल को पकड़ कर जांच किया गया तो उसके पास से 2 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद हेरोइन का मार्केट मूल्य लगभग 1 लाख रुपया बताया जा रहा है। 1985 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।

देवब्रत की रिपोर्ट