आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत पर गरमाई सियासत: बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल, तीन आरोपी गिरफ्तार

कैमूर जिले के आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की दर्दनाक मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा किए है.....

आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत पर गरमाई सियासत: बक्सर सांसद
आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत पर गरमाई सियासत- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की दर्दनाक मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर और सनसनीखेज घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार की कानून-व्यवस्था की स्थिति और कैमूर जिला प्रशासन की कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं।


जमीन और बकाए के विवाद में फौजी को जिंदा जलाने का मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के साहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव पर जमीन विवाद और करीब 16 लाख रुपये के बकाया भुगतान को लेकर कुछ लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसे जवान का लखनऊ के सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है।


बढ़ते अपराध और मामलों को दबाने के आरोपों पर जताई चिंता

बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने वर्तमान सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रामगढ़ क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कभी दिनदहाड़े पेट्रोल छिड़ककर जलाने की घटनाएं होती हैं तो कभी संदिग्ध अवस्था में शव बरामद होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पैसों के लेन-देन के जरिए लीपापोती करने और मामलों को रफा-दफा करने की शिकायतें मिलती रही हैं।

देश की सेवा करने वाला जवान सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल

सांसद ने कड़े शब्दों में कहा कि देश की सरहद की रक्षा करने वाला एक फौजी अगर अपने ही गृह क्षेत्र में सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित किया जाए।


पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, आगे की जांच जारी

इस हाई-प्रोफाइल मामले के तूल पकड़ने और राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के बीच पुलिस प्रशासन भी एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।


देवव्रत की रिपोर्ट