Bihar News: बालू के खेल पर एसपी का बड़ा एक्शन, थानेदार निलंबित, रेत के रैकेट पर चलेगा कानून का बुलडोजर
बालू से कथित चोरी और इस मामले की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार के साथ बदसलूकी पर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने सख्त रुख अपनाया और जांच रिपोर्ट के आधार पर कुदरा थाना अध्यक्ष नंदू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।...
kaimur: जिस थाने को कानून का पहरेदार होना चाहिए, वहीं जब जब्त बालू की हिफाजत पर सवाल उठ जाएं तो पूरे सिस्टम की साख कटघरे में खड़ी हो जाती है। कैमूर के कुदरा थाना में जब्त बालू से कथित चोरी और इस मामले की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार के साथ बदसलूकी एवं मोबाइल छीनने के आरोपों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैमूर के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने सख्त रुख अपनाया और जांच रिपोर्ट के आधार पर कुदरा थाना अध्यक्ष नंदू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पूरा मामला कुदरा थाना क्षेत्र स्थित डाकबंगला परिसर का है, जहां पूर्व में जब्त की गई बालू लदी गाड़ियों से कथित रूप से अवैध तरीके से बालू निकाले जाने का मामला सामने आया था। इस दौरान घटना को कवर कर रहे एक पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी और मोबाइल छीनने की बात भी सामने आई, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया। निष्पक्ष जांच के लिए सर्किल इंस्पेक्टर एस.के. निर्झर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। विस्तृत जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकरण में जो भी पुलिसकर्मी या बाहरी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, लापरवाही और मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई पुलिस अधिकारी एफआईआर दर्ज करने में अनावश्यक देरी करता है, आम लोगों को बेवजह परेशान करता है या शिकायतों को लंबित रखता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता केवल कानून लागू करना ही नहीं, बल्कि जनता का भरोसा जीतना भी है।
एसपी शिखर चौधरी ने जिले में जन-हितैषी पुलिसिंग को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ितों को बार-बार थाने का चक्कर लगाने की पुरानी व्यवस्था खत्म की जाएगी और जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुदरा थाना अध्यक्ष नंदू कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं कुदरा थाना की नई जिम्मेदारी प्रियेश प्रियदर्शी को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि वर्दी की आड़ में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट- देवव्रत तिवारी