Bihar Crime News : कैमूर में चोरों ने ट्रक ड्राइवर का गायब किया पर्स, एटीएम निकालकर खाते से उड़ाए 57 हज़ार रूपये
Bihar Crime News : मोहनिया चेक पोस्ट के पास एक शातिर गिरोह ने सो रहे ट्रक चालक का मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात चोरी कर उसके बैंक खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए.......पढ़िए आगे
KAIMUR : कैमूर जिले का मोहनिया चेक पोस्ट इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। कभी अवैध वसूली तो कभी ट्रक चालकों से लूटपाट और चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मोहनिया चेक पोस्ट और टोल प्लाजा के पास का है, जहां एक शातिर गिरोह ने सो रहे ट्रक चालक का मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात चोरी कर उसके बैंक खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए।
पीड़ित ट्रक चालक ओडिशा के राउरकेला से माल लोड कर जम्मू जा रहा था। इसी दौरान बीते 4 जुलाई को जब वह मोहनिया चेक पोस्ट पर पहुंचा, तो उसे तेज नींद आने लगी। खुद को सुरक्षित समझकर उसने टोल प्लाजा के पास ही ट्रक खड़ा कर दिया और सो गया। सुबह जब उसकी आंख खुली, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके पॉकेट से पर्स और मोबाइल गायब थे। उस वक्त ट्रांसपोर्टर और गाड़ी मालिक के बार-बार आ रहे कॉल के दबाव में चालक बिना शिकायत किए सीधे जम्मू के लिए रवाना हो गया।
जम्मू से काम निपटाकर जब चालक 15 जुलाई को वापस लौटा और अपने बैंक खाते से पैसे निकालने पहुंचा, तो उसे एक और बड़ा झटका लगा। चालक के खाते से ₹57,800 गायब हो चुके थे। जब उसने बैंक से ट्रांजैक्शन की डिटेल्स निकलवाई, तो पता चला कि चोरी किए गए मोबाइल के जरिए ही 4 और 5 जुलाई को मोहनिया के तिरुपति बालाजी पेट्रोल पंप पर सारा पैसा ट्रांसफर कर निकाल लिया गया था।
खाते से पैसे कटने की पुष्टि होने के बाद पीड़ित चालक ने मोहनिया थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत मिलते ही एक्शन में आई मोहनिया थाना पुलिस आज तिरुपति बालाजी पेट्रोल पंप पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई है, ताकि पैसे ट्रांसफर करने वाले अपराधियों की पहचान की जा सके।
देवब्रत की रिपोर्ट