NH-19 पर भीषण हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 3 की मौत, एक दर्जन लोग घायल
Bihar Road Accident: बिहार में NH-19 पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
Bihar Road Accident: बिहार में NH-19 पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है।
हादसा कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के नशेज के पास NH-19 के पास नेशनल हाईवे-19 पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 70 से 75 यात्री सवार थे और वह जमशेदपुर से वाराणसी जा रही थी। यात्री बुद्धि सागर पांडे ने बताया कि बस एक होटल पर चाय पीने के बाद करीब 3 किलोमीटर आगे बढ़ी ही थी कि दूसरी लेन से एक ट्रक डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में आ गया और सीधे बस में टक्कर मार दी।
हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में वाराणसी के थाना चितईपुर क्षेत्र के दीपक पटेल की 9 वर्षीय पुत्री दीक्षिता कुमारी और भूलनपुर, वाराणसी निवासी अरुण कुमार की पत्नी आभा रानी की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घायलों में सोनम सरकार और पीपीओती सरकार (पश्चिम बंगाल), स्नेहा (पटना) और सुधीमोती (रांची) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
कुदरा थाना के एएसआई बी. उपाध्याय ने बताया कि ट्रक रॉन्ग साइड से आकर बस में टकराया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-देव तिवारी