खनन टीम पर ट्रक चालक ने मारपीट का लगाया आरोप, एसपी और डीएम से कार्रवाई की मांग

खनन टीम पर ट्रक चालक ने मारपीट का लगाया आरोप, एसपी और डीएम स
खनन टीम पर ट्रक चालक ने मारपीट का लगाया आरोप- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : यूपी-बिहार कर्मनाशा बॉर्डर स्थित खजुरा गांव के पास बीती रात खनन विभाग की कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा हो गया। खनन विभाग की टीम पर बालू लदे 16 चक्का ट्रक के चालक के साथ मारपीट करने और वाहन से रुपये निकालने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद ट्रक चालकों व स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल है, वहीं मामले की शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंच गई है।


चालान दिखाने में देरी पर मारपीट और रुपये छीनने का आरोप 

पीड़ित ट्रक चालक के अनुसार, बीती रात वह बिहार से बालू लादकर वाराणसी (बनारस) की ओर जा रहा था। इसी दौरान खजुरा के समीप खनन विभाग की टीम ने जांच के लिए ट्रक को रोका। चालक का आरोप है कि बालू का चालान (रसीद) ढूंढकर दिखाने में थोड़ी देर हो गई, जिससे नाराज खनन कर्मियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान ट्रक में रखे लगभग 30 हजार रुपये भी ले लिए गए।


ओवरलोडिंग मामले में 9.18 लाख रुपये का भारी जुर्माना 

जांच के दौरान खनन विभाग की टीम ने बालू लदे 16 पहिया ट्रक को ओवरलोड पाया। विभागीय नियमों का उल्लंघन करने के एवज में ट्रक पर 9.18 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है। इस पर चालक का कहना है कि ओवरलोडिंग पाए जाने पर जुर्माना लगाना विभागीय प्रक्रिया है और वह इसके खिलाफ नहीं है, लेकिन जांच के नाम पर किसी चालक के साथ मारपीट करना गैर-कानूनी है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


खनन पदाधिकारी की प्रतिक्रिया और एफआईआर का रुख 

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला खनन पदाधिकारी (DMO) कार्तिक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले में शामिल संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण व जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी के साथ मारपीट करना पूरी तरह से गलत है। दूसरी ओर, खनन विभाग द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) में कहा गया है कि जांच के दौरान पकड़े जाने के डर से गाड़ी से कूदकर भागने के क्रम में चालक को चोट लगी है।


एसपी और डीएम से कार्रवाई की मांग 

खनन विभाग के दावे को खारिज करते हुए पीड़ित चालक ने मामले की शिकायत कैमूर के जिलाधिकारी (DM) और आरक्षी अधीक्षक (SP) से करने की बात कही है। चालक ने अधिकारियों से पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

देवव्रत की रिपोर्ट