Bihar News: काल बनकर दौड़ी ट्रेन,ट्रैक पर दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम

Bihar News: दो भाइयों के दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को ग़म और सदमे में डुबो दिया।...

two brothers die tragically on the track
काल बनकर दौड़ी ट्रेन- फोटो : reporter

Kaimur: जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को ग़म और सदमे में डुबो दिया। घने कुहासे के बीच तेज़ रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भभुआ रोड रेलवे स्टेशन और मुठानी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित बरेज गांव के पास डीएफसी रेलवे ट्रैक पर हुआ।

मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव निवासी मदन साह के पुत्र 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे दोनों भाई रोज़ की तरह अपने खेतों की ओर जा रहे थे। गांव की बसावट रेलवे लाइन के एक तरफ है जबकि खेती की जमीन दूसरी तरफ पड़ती है, इसलिए ग्रामीणों का रोज़ाना ट्रैक पार कर आना-जाना लगा रहता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह घना कुहासा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान अचानक तेज़ रफ्तार ट्रेन आ गई और दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते रेलवे ट्रैक के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बलऔर मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को काबू में लेते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पार करने के लिए यहां कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं है, जबकि रोज़ सैकड़ों किसान और ग्रामीण इसी रास्ते से गुजरते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से मांग की है कि इस जगह पर जल्द से जल्द अंडरपास या ओवरब्रिज बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की जान सुरक्षित रह सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- देवव्रत तिवारी