Bihar News : वाराणसी ज्वेलर्स चोरी का तार कैमूर से जुड़ा, यूपी पुलिस की दबिश, सोना-चांदी की तलाश में खाक छान रही टीम

Bihar Crime : वाराणसी के चर्चित ज्वेलर्स चोरी कांड की जांच बिहार तक पहुंच गई। ...

Bihar News : वाराणसी ज्वेलर्स चोरी का तार कैमूर से जुड़ा, यू
यूपी में चोरी, कैमूर से जुड़ा तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

Kaimur: बिहार में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब वाराणसी के चर्चित ज्वेलर्स चोरी कांड की जांच बिहार तक पहुंच गई। उत्तर प्रदेश के रोहनिया थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी वारदात के तार अब कैमूर जिले से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस की सरगर्मी और भी बढ़ गई है।

मामले में गिरफ्तार शातिर चोर के खुलासे ने पुलिस को सीधे मोहनिया तक ला खड़ा किया। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि चोरी किए गए आभूषणों में से करीब 180 ग्राम सोना और 850 ग्राम चांदी मोहनिया इलाके में खपाया गया है। इस सनसनीखेज बयान के बाद वाराणसी पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए कैमूर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छानबीन शुरू कर दी।

रोहनिया थाना से आए अवर पुलिस निरीक्षक अमीर बहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने मोहनिया थाना पहुंचकर संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इलाके के कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी और कई लोगों से गहन पूछताछ की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक न तो चोरी के आभूषण बरामद हो सके हैं और न ही किसी नई गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है।

सूत्रों की मानें तो पुलिस को शक है कि इस पूरे खेल में स्थानीय नेटवर्क भी शामिल हो सकता है, जो चोरी के माल को ठिकाने लगाने में मदद करता है। यही वजह है कि जांच अब और भी गहराई से की जा रही है और हर एंगल को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संगीन है और इसमें जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है। वाराणसी और कैमूर पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है, ताकि चोरी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। फिलहाल इलाके में पुलिस की सक्रियता से हलचल तेज है और संदिग्धों के बीच बेचैनी साफ देखी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर कब इस चोरी कांड का पूरा राज खुलेगा और असली मास्टरमाइंड पुलिस के शिकंजे में आएगा।

रिपोर्ट-देव तिवारी