Bihar Wedding Tragedy: सेहरे की जगह उठी अर्थी,आंधी-बारिश के बीच हादसे में गई जान, शादी का घर पलभर में बना मातम का घर

Bihar Wedding Tragedy: घर में बारात निकलने की तैयारी चल रही थी।तभी एक फोन कॉल ने पूरे परिवार को सन्न कर दिया।...

Wedding Joy Turns to Mourning After Fatal Road Accident
खुशियों पर काल का पहरा- फोटो : X

Bihar Wedding Tragedy: घर में बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। दूल्हे को तैयार किया जा रहा था और दरवाजे पर बैंडबाजा बज रहा था। तभी एक फोन कॉल ने पूरे परिवार को सन्न कर दिया। दूल्हे के चाचा की सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।बिहार के कैमूर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

घटना बेलांव थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है, जो खजुरा टोला सरैयां गांव निवासी मंगरू राम के पुत्र थे। वहीं उनके रिश्तेदार लालबाबू कुमार घायल हो गए। बताया गया कि दूल्हे बिट्टू कुमार की बारात मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव जाने वाली थी। बारात निकलने से पहले लक्ष्मण और लालबाबू दूल्हे के लिए मउर बांधने का सामान और गमछा खरीदने बेलांव बाजार गए थे।

इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। दोनों सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बचने के लिए खड़े हो गए। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें रामपुर पीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उधर शादी वाले घर में जैसे ही मौत की खबर पहुंची, खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। बैंडबाजा बंद हो गया, बारात के लिए सजी गाड़ियां लौट गईं और बाराती नए कपड़े उतारकर अस्पताल की ओर भागने लगे। महिलाएं रोने-बिलखने लगीं। मृतक की पत्नी सुनीता देवी, जो आंगनबाड़ी सेविका हैं, पति की मौत की खबर सुनते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

लक्ष्मण कुमार अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। आसपास के कई घरों में बुधवार रात चूल्हे तक नहीं जले। देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और फिर अंतिम संस्कार किया गया।