Bihar News: बाल-बाल बचे जदयू विधायक , कार के उड़े परखच्चे, NH-31 पर टला बड़ा हादसा

जदयू विधायक निरंजन कुमार मेहता की कार परमानंदपुर के पास रेलवे केबिन ढाला के समीप अचानक सामने आए ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया ....

JDU MLA Niranjan Kumar
बाल-बाल बचे जदयू विधायक- फोटो : reporter

Bihar News: राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर  एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। जदयू विधायक निरंजन कुमार मेहता की कार परमानंदपुर के पास रेलवे केबिन ढाला के समीप अचानक सामने आए ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि विधायक मेहता मधेपुरा के बिहारीगंज से पटना जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक सामने आ गया, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे के वक्त गाड़ी में विधायक समेत कुल पांच लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि टक्कर के तुरंत बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विधायक मेहता के पैर में चोट आई है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अन्य सवारों को भी मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रैक्टर का अचानक सामने आ जाना दुर्घटना की वजह प्रतीत हो रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

विधायक को तत्काल दूसरी गाड़ी से खगड़िया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर NH-31 पर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और रात में वाहनों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अमित की रिपोर्ट