प्यार, बेवफाई और कत्ल: शादी के महज 6 महीने बाद उजाड़ा नुजहत का सुहाग, ससुर ने ₹80 हजार एडवांस देकर बुलाया था कातिल

कटिहार में हुए चर्चित नुजहत बानो हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। महज छह महीने पहले दुल्हन बनकर आई नुजहत को उसकी सौतन और ससुर ने मिलकर मौत के घाट उतरवा दिया।

प्यार, बेवफाई और कत्ल: शादी के महज 6 महीने बाद उजाड़ा नुजहत

Katihar - बिहार के कटिहार जिले में 20 जनवरी को हुई नुजहत बानो की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है । पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि नुजहत की सौतन और ससुर ने मिलकर अंजाम दिलवाया था । पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता मोहम्मद जब्बार और मुख्य शूटर मोहम्मद तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया है ।

शादी के महज 6 महीने बाद हुई थी हत्या

जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका नुजहत बानो की शादी सिकंदर नामक व्यक्ति से करीब 6 महीने पहले हुई थी । सिकंदर की यह दूसरी शादी थी । सिकंदर की पहली पत्नी दिल्ली में रहती थी । दूसरी शादी होने के बाद से ही पहली पत्नी और उसके पिता मोहम्मद जब्बार के मन में नुजहत के प्रति द्वेष की भावना थी । इससे पहले भी नुजहत को धमकियां दी गई थीं ।

दिल्ली में रची गई थी मौत की साजिश

एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि हत्या की पूरी प्लानिंग दिल्ली में ही रची गई थी । नुजहत को रास्ते से हटाने के लिए पहली पत्नी और ससुर ने मिलकर बलिया बेलौन के ही एक स्थानीय शूटर, मोहम्मद तौसीफ को ₹2,30,000 में सुपारी दी थी । इसमें से ₹80,000 की रकम एडवांस के तौर पर दे दी गई थी ।

हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और सामान बरामद

पुलिस ने इस मामले में एसआईटी (SIT) का गठन किया था, जिसने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों को दबोचा । शूटर तौसीफ के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया पिस्टल, एक मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है । साजिशकर्ता मोहम्मद जब्बार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया ।

लाइनर की तलाश अभी भी जारी

पूछताछ में यह भी पता चला है कि इस हत्याकांड में एक 'लाइनर' की भी महत्वपूर्ण भूमिका थी, जो मुख्य अभियुक्तों का रिश्तेदार बताया जा रहा है । उसने ही शूटर और साजिशकर्ताओं के बीच संपर्क कराया था । फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है ।

पुलिस की सतर्कता से खुला राज

20 जनवरी को नुजहत बानो को गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया था । घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की थी । एसपी ने कहा कि अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है । इस मामले में पहली पत्नी और लाइनर की गिरफ्तारी होना अभी शेष है ।

रिपोर्ट - श्याम