Bihar News: बिहार में खूंखार तेंदुए का आतंक, दहशत में लोग, गांव-गांव माइकिंग से से किया जा रहा है अलर्ट

ग्रामीण इलाकों में खूंखार तेंदुए के देखे जाने की खबर ने लोगों की नींद उड़ा दी है।

Katihar People in panic due to ferocious leopard
खूंखार तेंदुए का आतंक- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार में इन दिनों दहशत का माहौल है। कटिहार के डंडखोरा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में खूंखार तेंदुए के देखे जाने की खबर ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि सूरज मुर्मू के खेत में तेंदुआ नजर आया, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बागडो और बुंदेली गांव के मक्का खेत में एक किसान पानी पटाने गया था, तभी उसने खेतों के बीच तेंदुए को घूमते देखा। यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी Kadwa इलाके से तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी, जिससे यह आशंका गहराई है कि वही शिकारी अब डंडखोरा इलाके में पहुंच गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डंडखोरा थाना पुलिस ने गांव-गांव माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील शुरू कर दी है। पुलिस की गाड़ी से ऐलान किया जा रहा है कि शाम ढलते ही खेतों और सुनसान इलाकों में जाने से बचें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध हरकत की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि लोगों को सतर्क रखने के लिए लगातार माइकिंग कराई जा रही है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की रणनीति बना रही है। वन विभाग के अधिकारी इलाके की निगरानी कर रहे हैं और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

गांवों में फिलहाल डर और सतर्कता दोनों का माहौल है। किसान अपने खेतों में जाने से पहले इधर-उधर निगाह दौड़ा रहे हैं, वहीं महिलाएं और बच्चे घरों के भीतर ही रहना बेहतर समझ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह