Bihar News: खगड़िया का लाल अमन किशोर बना भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट, जिले का नाम किया रोशन

Bihar News:अमन किशोर ने भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनकर खगड़िया का नाम गौरवान्वित किया। अपनी लगन, मेहनत और अदम्य हौसले के बलबूते अमन किशोर ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है।

Khagaria s Lal Aman Kishore Becomes Sub Lieutenant i
खगड़िया का लाल अमन किशोर बना भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट- फोटो : reporter

Bihar News: खगड़िया जिले के पसराहा निवासी स्व. रामजी सिंह के पौत्र और सब-लेफ्टिनेंट विमल किशोर एवं नूतन कुमारी के पुत्र अमन किशोर ने भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनकर खगड़िया का नाम गौरवान्वित किया। अपनी लगन, मेहनत और अदम्य हौसले के बलबूते अमन किशोर ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है।

अमन किशोर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नेवी चिल्ड्रन स्कूल और बाद में केंद्रीय विद्यालय अंडमान निकोबार से पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ कड़ा प्रशिक्षण और अनुशासन उनकी पहचान बन गए। उन्होंने 2021 में पहली ही कोशिश में एनडीए की परीक्षा पास की और एसएसबी व मेडिकल की कठीन परीक्षाओं में सफलता हासिल की। 27 फरवरी 2022 को उन्हें 147वें बैच के एनडीए खड़गवाशला, पुणे में प्रवेश मिला।

तीन साल की कठिन ट्रेनिंग के बाद वर्ष 2024 में एनडीए से पास आउट होकर अमन किशोर ने नौसेना की अगली ट्रेनिंग के लिए आईएनए ऐजीमाला, केरल में दाखिला लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, मोम्बासा जैसे देशों का दौरा कर अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी प्राप्त किया। 29 नवंबर 2025 को केरल में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें सब-लेफ्टिनेंट की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर भारत के सीडीएस जनरल अनील चौहान ने सलामी ली और उनके माता-पिता ने कंधे पर तगमा लगाकर बेटे के हौसले को बढ़ाया। इसके साथ ही इसरो के चीफ वी. नारायण ने उन्हें स्नातक की उपाधि देकर सम्मानित किया।

अमन किशोर ने नौसेना और कोस्ट गार्ड सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। पसराहा गांव में नौसेना अधिकारी बनने की खबर फैलते ही ग्रामीण खुशी से झूम उठे। उनके माता-पिता, परिवार और गांववाले गर्व से कह रहे हैं कि अमन किशोर ने सिर्फ अपने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे खगड़िया जिले का नाम रोशन किया है।

अमन किशोर की यह उपलब्धि न सिर्फ युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी मंज़िल असंभव नहीं।

रिपोर्ट- अमित कुमार