Bihar News : कटिहार में भीषण आग का कहर, 200 से अधिक दुकानें जलकर हुई राख, करोड़ों की सम्पत्ति को पहुंचा नुकसान

Bihar News : कटिहार में भीषण अगलगी से 200 दुकान जलकर राख हो गए. इस घटना में करोड़ों की सम्पत्ति को नुकसान पहुंचा है......पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार में भीषण आग का कहर, 200 से अधिक दुकानें
भीषण आग का कहर - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र स्थित एन.एच. 31 से सटे कुर्सेला हाट में आज भीषण आग लगने से कोहराम मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 200 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में 100 से भी अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं, जिससे व्यापारियों को करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली और आसपास की घनी दुकानों को अपनी आगोश में ले लिया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीण और दमकल की शुरुआती टीमें कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन लपटें इतनी तेज हैं कि उन पर नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार जिलाधिकारी ने स्थिति की कमान संभाली है। जिलाधिकारी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि आग के विस्तार को रोकने के लिए पड़ोसी जिलों से भी मदद मांगी गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय दमकल की गाड़ियों के अलावा नवगछिया और भागलपुर से भी दमकल की अतिरिक्त गाड़ियाँ मंगवाई जा रही हैं ताकि जल्द से जल्द आग पर काबू पाया जा सके।

कुर्सेला हाट मुख्य सड़क (NH-31) के किनारे होने के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ है। दुकानदारों में अपनी जमा-पूंजी और सामान को जलते देख भारी चीख-पुकार मची हुई है। कई दुकानदार अपनी जान जोखिम में डालकर सामान बचाने की कोशिश करते देखे गए। फिलहाल अग्नितांडव जारी है और प्रशासन की पूरी टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाना और जान-माल के नुकसान को कम करना है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से पीड़ित दुकानदारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। 

श्याम की रिपोर्ट