Bihar Board 10th Result : राज मिस्त्री के बेटे ने कटिहार में किया टॉप, भोजपुर के शुभम ने राज्य में हासिल किया 7 वां स्थान
Bihar Board 10th Result : बिहार बोर्ड की परीक्षा में राज मिस्त्री के बेटे ने कटिहार में टॉप किया है. वहीँ भोजपुर में शिक्षक के बेटे ने जिले का नाम रौशन किया है.......पढ़िए आगे
KATIHAR : बिहार मैट्रिक रिजल्ट में इस बार कटिहार के मनसाही प्रखंड का मरंगी चकमन गांव सुर्खियों में है। यहां के अमन कुमार ने 479 अंक हासिल कर जिला टॉपर बनकर इतिहास रच दिया। हालांकि महज दो नंबर से वह बिहार टॉपर की सूची में जगह बनाने से चूक गए। जिसका मलाल परिवार और गांव वालों को जरूर है। अमन की इस सफलता ने साबित कर दिया कि हालात चाहे कितने भी मुश्किल क्यों न हों। मेहनत और लगन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
अमन के पिता निर्मल साह पेशे से राज मिस्त्री हैं और सीमित आय के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। टॉपर बनने की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों का तांता अमन के घर लग गया है। हर कोई इस होनहार छात्र को बधाई दे रहा है और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है। अमन का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनने का है। उनका कहना है कि वह अपनी मेहनत के दम पर परिवार और जिले का नाम और ऊंचा करेंगे। वहीं शिक्षकों ने अमन की मेहनत और अनुशासन की जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि अमन जैसे छात्र पूरे जिले के लिए प्रेरणा हैं।
वहीँ भोजपुर जिले में प्रतिभा और परिश्रम का शानदार उदाहरण पेश करते हुए तरारी प्रखंड के निहाल पांडेय +2 उच्च विद्यालय के छात्र शुभम कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में 484 अंक (97 प्रतिशत) हासिल कर बिहार में 7वां स्थान प्राप्त किया है। शुभम की इस उपलब्धि से न केवल तरारी, बल्कि पूरे भोजपुर जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। शुभम तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा है और विशेष बात यह है कि वह जुड़वां भाई है। दोनों भाइयों ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा दी थी, जिसमें बड़े भाई सचिन कुमार ने भी 447 अंक लाकर प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त की। दोनों भाइयों की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
शुभम के पिता सुरेंद्र कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह, जो पेशे से शिक्षक हैं, और माता विमला देवी अपने बेटे की इस सफलता को याद कर भावुक हो उठते हैं। वहीं शुभम अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देता है। वह नियमित पढ़ाई के साथ स्कूल के बाद प्रतिदिन 4 से 6 घंटे अतिरिक्त अध्ययन करता था। अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में शुभम का कहना है कि वह आगे चलकर आईआईटीयन बनना चाहता है और साथ ही यूपीएससी परीक्षा पास कर देश की सेवा करना चाहता है। उसने अन्य छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि संयम, अनुशासन और कठिन मेहनत से ही सफलता हासिल की जा सकती है। इस सफलता पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य बिनोद कुमार, शिक्षक राजेश कुमार, नीलांबर प्रसाद और कन्हैया कांत ने शुभम से मुलाकात कर उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कटिहार से श्याम और आरा से आशीष की रिपोर्ट