Bihar News: शॉर्ट सर्किट ने मचाया तांडव, लाखों का सामान हुआ खाक, इलाके में दहशत

Bihar News:आग की लीलाओं ने घर के भीतर रखा सामान निगल लिया और गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया।...

short circuit caused havoc destroying goods worth lakhs
शॉर्ट सर्किट ने मचाया तांडव- फोटो : reporter

Katihar: जिले के रोशना थाना क्षेत्र में बीती रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब अंधेरे की चादर ओढ़े महादेवपुर गांव में अचानक आग ने दस्तक दे दी। दक्षिणी लालगंज पंचायत निवासी टुनटुन भगत के घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते पूरा आशियाना लपटों की गिरफ्त में आ गया। आग की लीलाओं ने घर के भीतर रखा सामान निगल लिया और गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया।

बताया जाता है कि देर रात अचानक घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों की नींद टूट गई। पल भर में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। शोर-शराबा मचा तो गांव के लोग लाठी, बाल्टी और जो हाथ लगा, लेकर मौके पर टूट पड़े। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग की रफ्तार थमी, लेकिन तब तक बहुत कुछ तबाह हो चुका था।घटना की सूचना मिलते ही रोशना थाना प्रभारी मासूम कुमारी पुलिस दलबल के साथ अग्निशामक टीम को लेकर मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने हालात का जायजा लिया और बचे-खुचे शोले को पूरी तरह बुझाया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी, ताकि यह साफ हो सके कि आग महज हादसा थी या इसके पीछे कोई और साज़िश तो नहीं।

अग्नि पीड़ित टुनटुन भगत की आंखों में बेबसी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि आग की इस वारदात में घर में रखा बोरा, प्लास्टिक के डब्बे, कुर्सी, टेबल, पलंग समेत रोजमर्रा का सारा सामान जलकर खाक हो गया। वर्षों की मेहनत चंद मिनटों में राख में तब्दील हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।उधर, घटना की खबर मिलते ही राजस्व कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। वहीं इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, महिलाएं और बच्चे सदमे में हैं।

यह आगजनी भले ही शॉर्ट सर्किट से हुई हो, लेकिन इसने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं क्या ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा को लेकर लापरवाही किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रही है? कटिहार की यह रात अब सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक चेतावनी बनकर रह गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह