Bihar News: डाक विभाग में हुआ है बड़ा घोटाला! 13 साल बाद भी खाताधारकों को नहीं मिला पैसा
Bihar News: डाकघर से जुड़े ग्रामीण खाताधारकों की जमा पूंजी कथित गबन के मामले में वर्षों बाद भी कई पीड़ित अपने पैसे की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।...
Bihar News: खगड़िया के सलारपुर शाखा डाकघर से जुड़े ग्रामीण खाताधारकों की जमा पूंजी कथित गबन के मामले में वर्षों बाद भी कई पीड़ित अपने पैसे की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2013 में प्राथमिकी दर्ज होने, विभागीय जांच में तत्कालीन शाखा डाकपाल कामिनी कुमारी को दोषी ठहराकर निलंबित किए जाने और कुछ मामलों में राशि ब्याज समेत बहाल करने की स्वीकृति मिलने के बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीण खाताधारकों में मायूसी और आक्रोश है।
मामला वर्ष 2011 से 6 अगस्त 2013 के बीच का बताया गया है। तत्कालीन सहायक डाक अधीक्षक हरिमोहन झा के बयान पर 11 दिसंबर 2013 को परबत्ता थाना कांड संख्या 284/13 दर्ज हुआ था। आरोप था कि ग्रामीणों से जमा कराई गई रकम उनके खातों में दर्ज तो की गई, लेकिन सरकारी खाते में जमा नहीं की गई। मामले में कामिनी कुमारी, उनके पति राकेश मंडल और परबत्ता डाकपाल समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। राकेश मंडल की गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की बात भी सामने आई थी।
वर्ष 2022 में जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव ने मामले को फिर उठाते हुए करीब 25 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप लगाया और सभी प्रभावित खाताधारकों के दावों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग की।विभागीय दस्तावेजों में कुछ खातों की राशि लौटाने की स्वीकृति भी दर्ज है। एक मामले में 1,800 रुपये और ब्याज तथा दूसरे मामले में 2,000 रुपये और अद्यतन ब्याज बहाल करने की मंजूरी दी गई थी। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि कई स्वीकृत दावे अब भी लंबित हैं।
बेगूसराय प्रमंडल की डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी के अनुसार, मामला फिलहाल सीबीआई स्तर पर है। उन्होंने कहा कि जिन दावों को विभागीय स्वीकृति मिल चुकी है और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, उनका भुगतान शीघ्र किया जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन ग्रामीणों की मेहनत की कमाई वर्षों से फंसी है, उन्हें उनका पैसा आखिर कब मिलेगा?
रिपोर्ट- अमित कुमार