Bihar News: बिहार में दफ्तरी ग्रुप पर आयकर विभाग का शिकंजा, निदेशक की बिगड़ी तबीयत, अब तक 100 करोड़ से अधिक बेनामी संपत्ति का हुआ खुलासा

Bihar News: बिहार में दफ्तरी ग्रुप पर आयकर विभाग का शिकंजा जारी है। आयकर विभाग ने अब तक 100 करोड़ से अधिक बेनामी संपत्ति का खुलासा किया है। वहीं इसी बीच निदेशक की तबीयत बिगड़ गई है।

दफ्तरी ग्रुप
दफ्तरी ग्रुप का शिकंजा - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के किशनगंज के प्रतिष्ठित दफ्तरी ग्रुप पर आयकर विभाग की कार्रवाई मंगलवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक की बेनामी संपत्ति का पता चला है। इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इसी बीच दफ्तरी निदेशक की तबीयत भी बिगड़ गई है। 

100 सदस्यीय टीम और 50 वाहनों का काफिला

दरअसल, शुक्रवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में आयकर विभाग की लगभग 100 अधिकारियों की टीम शामिल रही। 50 से अधिक वाहनों का काफिला एक साथ शहर के विभिन्न ठिकानों के अलावा कटिहार, कोलकाता, राजस्थान और गुजरात में भी ग्रुप से जुड़े परिसरों तक पहुंचा। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई।

निदेशक की तबीयत बिगड़ी

छापेमारी के बीच सोमवार रात ग्रुप के निदेशक राजकरण दफ्तरी की तबीयत बिगड़ गई। छाती में दर्द की शिकायत पर उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल, फिर सिलीगुड़ी और बाद में कोलकाता रेफर किया गया। वहीं, आयकर विभाग के दो अधिकारियों की तबीयत भी बिगड़ी, जिनमें से एक को इलाज के लिए पटना भेजा गया।

दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

पांच दिन की कार्रवाई में टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जिनमें अकाउंट रजिस्टर, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। इन्हें फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।

शहर के कई इलाके प्रभावित

छापेमारी का दायरा किशनगंज शहर के नेमचंद रोड, भगत टोली, धर्मशाला रोड और पश्चिमपाली जैसे प्रमुख इलाकों तक फैला रहा। लगातार पांच दिनों से चल रही कार्रवाई ने इन क्षेत्रों की सामान्य गतिविधियों पर असर डाला है।

बिहार में बड़ी कार्रवाई

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती आकलन में मिली 100 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। फिलहाल विभाग ने किसी गिरफ्तारी पर टिप्पणी नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक रिपोर्ट सामने आएगी।