Bihar News: सरकारी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, बच्चियों ने बताया प्लास्टिक छोड़ने का आसान तरीका

Bihar News: प्रदूषण और सिंगल यूज प्लास्टिक आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं।

Bihar News: सरकारी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल,
प्लास्टिक छोड़ने का आसान तरीका- फोटो : IPRD

Bihar News: प्रदूषण और सिंगल यूज प्लास्टिक आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को लेकर सरकार और सामाजिक संगठन लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसी बीच बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिंगारपुर से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहां स्कूली बच्चों को किताबी तालीम के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली का सबक भी पढ़ाया जा रहा है। स्कूल की इस अनूठी पहल में नन्हे बच्चे खुद पर्यावरण के पहरेदार बनते नजर आ रहे हैं।

चार्ट के जरिए समझाया प्लास्टिक का नुकसान

स्कूल की दो होनहार छात्राएं आकृति और मुस्कान हाथों में एक आकर्षक जागरूकता चार्ट लेकर खड़ी हैं। इस चार्ट के जरिए बच्चों को बताया गया है कि रोजमर्रा की जिंदगी में प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करके पर्यावरण को कैसे महफूज रखा जा सकता है।चार्ट में लाल और हरे निशानों के माध्यम से गलत और सही विकल्पों का फर्क समझाया गया है। इसमें प्लास्टिक की बोतल की जगह स्टील की बोतल, पॉलिथीन की जगह कपड़े का झोला और थर्माकोल के कप की जगह मिट्टी के बर्तन इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया है।

प्रियंका मैम ने खेल-खेल में सिखाया पर्यावरण का पाठ

दरअसल, यह खूबसूरत चार्ट शिक्षिका प्रियंका के मार्गदर्शन में आकृति और मुस्कान ने तैयार किया है। प्रियंका मैम ने बच्चों को बेहद सरल और दिलचस्प अंदाज में समझाया कि किस तरह प्लास्टिक और पॉलिथीन मिट्टी, पानी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं।बच्चियों का कहना है कि प्रियंका मैम कठिन विषयों को भी आसान भाषा में समझाती हैं। पढ़ाई के दौरान खेल और गतिविधियों के जरिए नई बातें सीखने में उन्हें काफी मजा आता है। बच्चियों ने संकल्प लिया है कि वे अब प्लास्टिक की बोतल और टिफिन का इस्तेमाल करने के बजाय पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाएंगी।

बच्चों की अच्छी आदतों से बदलेगा समाज

शिक्षिका प्रियंका का मानना है कि बच्चों को छोटी उम्र से ही अच्छी आदतों और सामाजिक जिम्मेदारियों की तालीम देना जरूरी है। उनका कहना है कि जब बच्चे पर्यावरण संरक्षण की अहमियत समझेंगे, तो वे अपने घर और आसपास के लोगों को भी जागरूक करेंगे।उनके मुताबिक, स्कूल में सीखी गई अच्छी बातें बच्चे अपने परिवार तक पहुंचाते हैं। इस तरह एक छोटी-सी शैक्षणिक पहल धीरे-धीरे बड़े सामाजिक बदलाव का जरिया बन सकती है।

छोटी पहल, बड़े बदलाव का पैगाम

सिंगारपुर स्कूल की यह कोशिश बताती है कि शिक्षा का मकसद केवल परीक्षा में अच्छे नंबर लाना नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। आकृति और मुस्कान जैसी बच्चियां जब पर्यावरण बचाने का संदेश लेकर आगे आती हैं, तो यह समाज के लिए भी एक सकारात्मक पैगाम है। लखीसराय के इस सरकारी स्कूल ने साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और रचनात्मक शिक्षा के जरिए बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का एहसास जगाया जा सकता है। जरूरत है कि ऐसी पहल दूसरे स्कूलों में भी अपनाई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त भविष्य मिल सके।