Bihar News : 5 करोड़ से अधिक की मसूर लेकर फरार हुआ व्यापारी, किसान ने बड़हिया थाना में दर्ज कराई शिकायत

Bihar News : 5 करोड़ से अधिक की मसूर लेकर फरार हुआ व्यापारी,

LAKHISARAI : बिहार के लखीसराय जिले में एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जहां एक व्यापारी करोड़ों रुपये की मसूर लेकर भुगतान किए बिना फरार हो गया। पीड़ित किसान सुधीर सिंह ने बड़हिया थाना में इस संबंध में गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम हिरदनबीघा, वार्ड संख्या-8 निवासी सुधीर सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि 10 अप्रैल 2025 को सुरेन्द्र साव नामक व्यापारी, जो इंग्लिश गांव, वार्ड संख्या-2 का निवासी है। उनके घर आया और उनसे 372 बोरी मसूर चार ट्रकों में भरवाकर ले गया। यह माल एक महीने की उधारी पर लिया गया था, जिसकी कीमत  17 लाख रुपए बताई जा रही है और भुगतान की अंतिम तिथि 16 मई 2025 तय की गई थी।

सूत्रों से मिली जानकारी

सूत्रों के अनुसार, बड़हिया प्रखंड के दर्जनों गांव के किसानों से सैकरों क्विंटल मसूर लेकर चंपत हो गया है। जिसकी कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। किसान सुधीर सिंह का आरोप है कि भुगतान की मांग पर व्यापारी टालमटोल करता रहा, और 16 मई के बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। 20 मई को जब सुधीर सिंह, पूर्व प्रमुख राजीव कुमार और मनोज कुमार के साथ सुरेन्द्र साव के घर पहुंचे, तो वहां ताला लगा मिला। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। मसूर खरीदते समय व्यापारी के साथ मौजूद मुंशी सुधीर पासवान से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

पीड़ित ने जताया गहरा संदेह

सुधीर सिंह ने व्यापारी और उसके मुंशी पर साजिशन धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों ने मिलकर उन्हें लाखों का चूना लगाया है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गहन जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।बड़हिया थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़ित से सभी साक्ष्य और जानकारी एकत्र की जा रही है। यह घटना बिहार में हो रहे कारोबारी धोखाधड़ी के मामलों की गंभीरता को उजागर करती है। किसानों और व्यापारियों को लेन-देन के समय लिखित अनुबंध और कानूनी प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी जाती है।