पुलिस विभाग में बहाली के नाम पर 4 लाख रिश्वत लेते पूर्व मुखिया प्रत्याशी का वीडियो वायरल, थाने में मामला दर्ज

पुलिस विभाग में बहाली के नाम पर 4 लाख रिश्वत लेते पूर्व मुखि
रिश्वत लेते पूर्व मुखिया प्रत्याशी का वीडियो वायरल- फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस बहाली के नाम पर चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एक पूर्व मुखिया प्रत्याशी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी बुजुर्ग व्यक्ति के घर पर 500-500 रुपये की गड्डियों का मिलान करते हुए नजर आ रहा है।


रिश्वत लेते विडियो वायरल

वायरल वीडियो में रिश्वत लेते दिख रहे व्यक्ति की पहचान परतापुर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी नीतीश कुमार ओझा उर्फ डब्लू (पिता-वागीश ओझा, ग्राम-परतापुर, थाना-जयबजरंग) के रूप में हुई है। इस मामले के सामने आने के बाद पीड़ित ने जय बजरंग थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।


पुलिस अधिकारियों और नेताओं जान पहचान का भरोसा देकर लिया रिश्वत

जय बजरंग थाना क्षेत्र के चौरिया गांव निवासी पीड़ित महावीर सहनी ने बताया कि दिसंबर 2023 में नीतीश कुमार ओझा उनके घर आए थे और दावा किया था कि उनकी बड़े पुलिस अधिकारियों, नेताओं और विधायकों से गहरी जान पहचान है। आरोपी ने कई लड़के-लड़कियों की पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और महावीर सहनी की बेटी की भी पुलिस में नौकरी कराने का भरोसा दिलाया। पीड़ित ने जब बेटी द्वारा फॉर्म न भरने की बात कही, तो आरोपी ने कहा कि बिना फॉर्म भरे और परीक्षा दिए सब पैसों से हो जाता है, बस चार लाख रुपये की व्यवस्था करनी होगी।


नौकरी दिलाने के नाम पर लिया चार लाख

आरोप है कि महावीर सहनी ने गांव के लोगों से कर्ज लेकर और अपनी जमा पूंजी मिलाकर कुल चार लाख रुपये नीतीश कुमार ओझा को दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब बेटी की नौकरी नहीं लगी और पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। उसने कुछ पैसे बेटे के खाते में वापस भेज दिए, लेकिन बाकी रकम लौटाने से साफ इंकार कर दिया।


पीड़ित ने लेन-देन से संबंधित वीडियो साक्ष्य एक पेन ड्राइव में सुरक्षित कर पुलिस को आवेदन के साथ सौंप दिया है। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


हिमांशु की रिपोर्ट