Bihar News : मोतीहारी में पैसे के लेनदेन के विवाद में हुआ तेजाब कांड, महाजन समेत एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे, इलाज के लिए पटना और मुजफ्फरपुर रेफर

Bihar News : मोतिहारी में पैसे के लेनदेन में महाजन और स्वर्ण व्यवसायी में तेजाब कांड हो गया। इस घटना में महाजन और स्वर्ण व्सवसाई के परिवार के तीन सदस्य जख्मी हो गए.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतीहारी में पैसे के लेनदेन के विवाद में हुआ ते
तेज़ाब कांड - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतीहारी) जिले के केसरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पैसों के लेनदेन को लेकर महाजन और स्वर्ण व्यवसायी के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तेजाब कांड की घटना को अंजाम दे दिया गया। इस घटना में तेजाब से झुलसने के कारण महाजन और स्वर्ण व्यवसायी के परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासी महाजन गुंजन सिंह और पुरानी बाजार के स्वर्ण व कपड़ा व्यवसायी अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के बीच लंबे समय से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में जब एक पक्ष दूसरे पक्ष के यहाँ पैसे मांगने गया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद तेजाबी हमले में बदल गया। घटना में महाजन गुंजन सिंह, व्यवसायी अमित कुमार, उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और उनका ढाई वर्षीय मासूम पुत्र यश कुमार गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे महाजन गुंजन सिंह को पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि स्वर्ण व्यवसायी अमित कुमार अपने पत्नी और बच्चे के साथ मुजफ्फरपुर के अस्पताल में इलाजरत हैं। मरीजों की सुरक्षा और स्थिति पर नज़र रखने के लिए मुजफ्फरपुर अस्पताल में पुलिस सिपाही की तैनाती भी कर दी गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जहाँ केसरिया थाना अध्यक्ष फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बोलने से परहेज कर रहे हैं, वहीं मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पूरी घटना की विस्तृत जाँच चकिया डीएसपी द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल जारी है।

चकिया डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच पैसे के बकाया को लेकर पुराना विवाद था। इसी सिलसिले में एक पक्ष बकाया राशि मांगने दूसरे पक्ष के पास गया था, जिसके बाद यह दुखद घटना घटित हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेजाब की चपेट में आने से दोनों पक्षों के लोग झुलसे हैं, जिनका इलाज पटना और मुजफ्फरपुर में चल रहा है तथा पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

हिमांशु की रिपोर्ट