कागजों पर चल रहा था कस्तूरबा विद्यालय! एसडीओ के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप, स्पष्टीकरण तलब
मोतीहारी के अरेराज में एसडीओ सुजीत कुमार के औचक निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खाली पाया गया। अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग, पूरी खबर पढ़ें।
पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज में एसडीओ के औचक निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की पोल खुल गई। संध्या के समय किए गए इस निरीक्षण में विद्यालय पूरी तरह से खाली पाया गया और वहां न तो एक भी छात्रा उपस्थित थी और न ही कोई शिक्षक या कर्मी मौजूद था।
कागजों पर चल रहा था आवासीय विद्यालय, कायाकल्प योजना का भी बुरा हाल
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि यह आवासीय विद्यालय पूरी तरह से कागजों पर संचालित हो रहा था। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'कायाकल्प योजना' के तहत विद्यालय के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मौके पर निर्माण या मरम्मत से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं चल रही थी और कार्यों में भारी शिथिलता बरती जा रही थी।
एसडीओ, सीओ और बीपीआरओ की टीम ने की औचक छापेमारी, मचा हड़कंप
अरेराज के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सुजीत कुमार के नेतृत्व में यह औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान उनके साथ अंचल अधिकारी (CO) विनोद पांडेय, बीपीआरओ मितेश मोहन और स्वच्छता पदाधिकारी पीयूष कुमार भी मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों की इस अचानक छापेमारी से स्थानीय शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
अनुपस्थित कर्मियों से मांगी गई स्पष्टीकरण, कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश
बिना किसी सूचना के आवासीय विद्यालय का खाली मिलना सीधे तौर पर प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना है। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा विद्यालय के सभी अनुपस्थित शिक्षकों और कर्मियों से अविलंब स्पष्टीकरण की मांग की गई है। साथ ही, कायाकल्प योजना के तहत रुके हुए सभी विकास कार्यों को तुरंत शुरू करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
मोतिहारी से हिमान्शु कुमार की रिपोर्ट