Bihar News : मोतिहारी में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी, कहा यूट्यूब से सीखा नकल का तरीका, दो सहयोगी हिरासत में

Bihar News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी से हाईटेक नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गयी.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा ग
नकल का हाईटेक तरीका - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी में हाईटेक नकल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रशासन की सतर्कता से एक अभ्यर्थी को चप्पल में छिपाए गए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान पश्चिम चंपारण के बेतिया निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दरअसल जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही थी। इसी दौरान सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर रहे थे। जांच के दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके चप्पल में छिपाकर रखा गया इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ, जिसके माध्यम से बाहर से उत्तर उपलब्ध कराए जा रहे थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने नकल का यह तरीका यूट्यूब पर वीडियो देखकर सीखा था। उसने ऑनलाइन माध्यम से विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मंगाया था और ऐसी व्यवस्था की थी कि परीक्षा केंद्र पर जैमर होने की स्थिति में भी डिवाइस बाहरी नेटवर्क से जुड़ा रह सके।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उसने डिवाइस लगी चप्पल को परिसर की बाउंड्री के अंदर फेंक दिया था और स्वयं नंगे पैर जांच कराकर अंदर गया। बाद में वह उसी चप्पल को पहनकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा और नकल करने लगा। हालांकि अधिकारियों की सतर्क निगरानी के कारण उसकी योजना विफल हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके दो सहयोगियों को भी हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इस हाईटेक नकल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा में कदाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से अन्य परीक्षार्थियों के बीच भी स्पष्ट संदेश गया है कि तकनीक के सहारे नकल की हर कोशिश पर प्रशासन की पैनी नजर है।

हिमांशु की रिपोर्ट