उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प, स्कूली बस ने युवक को रौंदा, मौत के बाद सड़क पर जमकर हुआ बवाल
Bihar News: एक युवक को बेरहमी से रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना खौफनाक था कि देखते ही देखते सड़क गुस्से के मैदान में तब्दील हो गई।
Bihar News:मोतीहारी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने शहर का माहौल सुलगा दिया। एल.एन.डी. कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कूली बस ने एक युवक को बेरहमी से रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना खौफनाक था कि देखते ही देखते सड़क गुस्से के मैदान में तब्दील हो गई।
युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची, आक्रोश फूट पड़ा। लोग सड़कों पर उतर आए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। माहौल इतना गर्म हो गया कि प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया नारेबाजी, धक्का-मुक्की और प्रशासन के खिलाफ खुला गुस्सा देखने को मिला। खास बात यह रही कि यह पूरा बवाल उस वक्त हुआ, जब इलाके में उपराष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां चल रही थीं, जिससे प्रशासन की मुश्किलें और बढ़ गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में करने की कोशिश शुरू की। शुरुआत में पुलिस ने ‘नर्मी’ का रास्ता अपनाते हुए लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में उबल रही भीड़ किसी की सुनने को तैयार नहीं थी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।
जब हालात हाथ से फिसलने लगे, तो पुलिस का सब्र जवाब दे गया और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद जाकर मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि आखिर कब तक लापरवाही और तेज रफ्तार यूं ही जानें लेती रहेंगी? फिलहाल, शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। गम और गुस्से के इस संगम ने यह साफ कर दिया है कि एक हादसा कैसे पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर देता है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार