Bihar News : जनता दरबार में दारोगा की फरियादी ने की शिकायत, एसपी ने ऑन स्पॉट किया सस्पेंड, भूमाफियाओं को किया चिन्हित

Bihar News : फरियादी की शिकायत पर एसपी जनता दरबार में दारोगा को सस्पेंड कर दिया.......पढ़िए आगे

Bihar News : जनता दरबार में दारोगा की फरियादी ने की शिकायत,
दारोगा सस्पेंड - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को संग्रामपुर थाना परिसर में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान न्याय की आस में पहुंचे 45 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाना है। जनता दरबार में जमीन विवाद, आपसी रंजिश और पुलिसिया कार्यशैली से संबंधित आवेदन प्रमुखता से आए, जिनमें से कई मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया।

रिश्वतखोर दरोगा पर गिरी गाज, सर्किल इंस्पेक्टर भी रडार पर

जनता दरबार के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब फरियादियों ने सीधे तौर पर पुलिस पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप मढ़े। थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर दशरथ राय पर एक केस के एवज में रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, अरेराज सर्किल इंस्पेक्टर पर भी कई संगीन आरोप लगे, जिसकी जांच का जिम्मा प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार को सौंपा गया है। उन्हें 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया गया है।

भूमाफियाओं और लापरवाह आईओ (IO) पर कसेगा शिकंजा

एसपी स्वर्ण प्रभात ने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के आधार पर कई बड़े भूमाफियाओं को चिन्हित किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जमीन कब्जाने और शांति भंग करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, केस के अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले आईओ (अनुसंधानकर्ता) भी अब रडार पर हैं। कई मामलों में जांच की धीमी रफ्तार को लेकर एसपी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और अनुशासनहीनता पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ एसपी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति

इस कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी ने कड़ा संदेश दिया है कि वर्दी की आड़ में आम जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरोगा के निलंबन और सर्किल इंस्पेक्टर पर जांच के आदेश ने यह साफ कर दिया है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और ईमानदारी सर्वोपरि है। जनता दरबार में मौजूद लोगों ने एसपी की इस त्वरित न्याय प्रक्रिया की सराहना की और कहा कि ऐसे कदमों से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास बहाल होगा।

आमजनों से अपील: सही मंच पर रखें अपनी बात

कार्यक्रम के अंत में एसपी स्वर्ण प्रभात ने आम नागरिकों से अपील की कि भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए अंचलों में आयोजित होने वाले जनता दरबार का लाभ उठाएं, जहां अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष दोनों मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि वहां समाधान नहीं मिलता है, तभी वरीय पदाधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर पीड़ित की बात सुनने के लिए तैयार है, बशर्ते शिकायतें तथ्यात्मक और सही हों।

हिमांशु की रिपोर्ट