Bihar News : 'आई लव यू टू' के बाद खौफनाक कदम, इंजीनियरिंग छात्रा सुसाइड मामले में प्रेमी रोबिन हिरासत में, पुलिस खंगाल रही राज

Bihar News : मोतीहारी में इंजीनियरिंग कालेज के 5 वें सेमेस्टर की छात्रा रिमी की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : 'आई लव यू टू' के बाद खौफनाक कदम, इंजीनियरिंग छा
प्रेमी हिरासत में - फोटो : HIMANSHU

Motihari : मोतिहारी के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में 5वें सेमेस्टर की छात्रा रिमी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुसाइड की पुष्टि होने के बाद, पुलिस ने मृतका के प्रेमी और उसी कॉलेज के छात्र रोबिन को हिरासत में ले लिया है। रोबिन मूल रूप से मुंगेर का रहने वाला है और वह भी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले रिमी और रोबिन के बीच फोन पर बातचीत और मैसेजिंग हुई थी। जांच में सामने आया है कि रोबिन ने रिमी को 'आई लव यू' लिखकर मैसेज भेजा था, जिसके जवाब में रिमी ने 'आई लव यू टू' लिखा। इस आखिरी मैसेज के तुरंत बाद ही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आखिरी मैसेज और मौत के बीच के इस कम समय ने पूरी घटना को बेहद रहस्यमयी बना दिया है।

गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर को हुई इस घटना के बाद से ही कॉलेज कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है। मृतका के पिता ने कॉलेज प्रशासन और कुछ बाहरी अज्ञात लोगों पर सुनियोजित तरीके से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया था। पिता के इन आरोपों के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।

इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी शुरू से ही संदिग्ध और चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन के बयानों में काफी विरोधाभास देखा गया। इसके अलावा, पुलिस को बिना सूचना दिए छात्रा के कमरे का दरवाजा तोड़ना, और फिर उसे पहले प्राइवेट अस्पताल और बाद में सरकारी अस्पताल ले जाना (जहाँ उसे मृत घोषित किया गया), कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल, पुलिस ने मोबाइल साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। कॉल डिटेल्स और चैट हिस्ट्री के अलावा कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हॉस्टल के कई छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए प्रेमी रोबिन से पूछताछ के बाद ही इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली वजह और 'आई लव यू टू' मैसेज के पीछे का पूरा सच सामने आ सकेगा।

हिमांशु की रिपोर्ट