Bihar Crime : मोतिहारी में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ का गांजा और लग्जरी कार किया जब्त, नेपाल बॉर्डर से जुड़ा तस्करी का जाल
Bihar Crime : मोतिहारी पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रूपये का गांजा बरामद हुआ है. इस मौके पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
MOTIHARI : बिहार के मोतिहारी में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बनकट इलाके में घेराबंदी कर एक लग्जरी कार को पकड़ा, जिससे 22 पैकेट उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की कुल बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा के रास्ते नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप मोतिहारी शहर में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनकट के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध लग्जरी कार वहां पहुँची, पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी भगाकर बचने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
कार की गहन तलाशी के दौरान उसमें गुप्त तरीके से रखे गए गांजे के 22 पैकेट मिले। मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान पताही निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। मोतिहारी सदर के राजस्व अधिकारी नवनीत कुमार ने इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद गांजा काफी उत्तम किस्म का है और तस्कर इसे खपाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की जड़ों को खंगालने में जुटी है। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के आधार पर उन सफेदपोश चेहरों और बड़े माफियाओं की पहचान की जा रही है, जो नेपाल बॉर्डर से लेकर स्थानीय इलाकों तक इस काले कारोबार को संचालित कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गांजा की यह खेप बिहार के किन-किन जिलों में सप्लाई की जानी थी।
इस कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप व्याप्त है। पुलिस ने लग्जरी कार और गांजा को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी बरती जा रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
हिमांशु की रिपोर्ट