Bihar wedding tragedy: वरमाला से पहले दूल्हे की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली, परिजनों के सामने तोड़ा दम
Bihar wedding tragedy:वरमाला की रस्म शुरू होने से ठीक पहले 25 वर्षीय दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दर्द से तड़पते हुए वह जमीन पर गिर पड़ा।...
Bihar wedding tragedy:पूर्वी चंपारण जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। रामगढ़वा मंदिर में वरमाला की रस्म शुरू होने से ठीक पहले 25 वर्षीय दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दर्द से तड़पते हुए वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल रक्सौल के एक अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां शहनाइयों की गूंज सुनाई देनी थी, वहां परिजनों की चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया वार्ड-6 निवासी शक्तिनाथ शर्मा (25) की शादी गुरुवार को उसके बड़े भाई की साली से तय थी। दोपहर करीब एक बजे बारात घर से रवाना हुई और रामगढ़वा मंदिर पहुंची। दुल्हन भी अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मंदिर पहुंच चुकी थी। दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर बेहद उत्साहित थे, क्योंकि पहले से मौजूद पारिवारिक संबंध अब विवाह के बंधन में बदलने वाले थे।
मंदिर में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंगलगीत गूंज रहे थे और वरमाला की रस्म का इंतजार किया जा रहा था। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे के सामने आए और वरमाला की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी दूल्हे को अचानक तेज दर्द उठा। वह चीखने लगा और देखते ही देखते जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन फूट-फूटकर रोने लगी, जबकि परिजन और रिश्तेदार दूल्हे को संभालने में जुट गए।
गंभीर हालत में शक्तिनाथ शर्मा को तत्काल रक्सौल के अस्पताल ले जाया गया। शादी के जोड़े में अस्पताल पहुंचे दूल्हे को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रात में उसकी मौत हो गई।शुक्रवार सुबह जब उसका शव भरवलिया स्थित पैतृक घर पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर से कुछ घंटे पहले बारात निकली थी, उसी घर में मातम पसरा था। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, दुल्हन के सपने भी एक ही रात में टूट गए और उसकी शादी की खुशियां आंसुओं में बदल गईं।फिलहाल, दूल्हे की अचानक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।