अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश: ट्रक के 'तहखाने' से 3 करोड़ का गांजा बरामद, नेपाली तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। रक्सौल में एक ट्रक के गुप्त तहखाने से 422 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। पुलिस ने मौके से एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया ह
Motihari -: बिहार के पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) जिले में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित एसआईटी ने रक्सौल सीमा के पास एक ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए तहखाने से करीब 422 किलो गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
नेपाल से मुजफ्फरपुर जा रही थी खेप
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल के रास्ते गांजे की एक बहुत बड़ी खेप ट्रक के जरिए मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में हरैया थाना पुलिस और एसआईटी ने बाइपास रोड ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की। सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक (BR30GA1675) को रोका गया।
ट्रक के तहखाने में छिपे थे 29 बंडल
ट्रक की जब बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस दंग रह गई। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए ट्रक की बॉडी में एक विशेष तहखाना बना रखा था। उस गुप्त केबिन से लाल और काले प्लास्टिक में लिपटे 29 बड़े बंडल बरामद हुए। वजन करने पर कुल गांजा 422.196 किलोग्राम पाया गया।
नेपाली चालक गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मौके से ट्रक चालक संजय कुमार साह को गिरफ्तार किया गया है, जो नेपाल के बारा जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। चालक से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस अब इस तस्करी के 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' स्थापित कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेप कहां से चली थी और मुजफ्फरपुर में किसे सौंपी जानी थी।
इन जांबाज अधिकारियों ने किया नेतृत्व
इस सफल ऑपरेशन में रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद, सर्किल इंस्पेक्टर संजीव मौआर, रक्सौल बीडीओ जयप्रकाश कुमार और हरैया थाना अध्यक्ष किशन कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ ट्रक और तस्कर का मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
Report - himanshu mishra