केसरिया से जन सुराज प्रत्याशी और प्रमुख पति पप्पू खान गिरफ्तार : STF ने दबोचा, पुलिस ने रखा था 20 हजार इनाम

एसटीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी जालसाज और कई संगीन आपराधिक मामलों के आरोपी प्रखंड प्रमुख पति सह जन सुराज के केसरिया विधानसभा प्रत्याशी नाज़ अहमद खान उर्फ पप्पू खान को गिरफ्तार कर लिया है...

केसरिया से जन सुराज प्रत्याशी और प्रमुख पति पप्पू खान गिरफ्त
केसरिया से जन सुराज प्रत्याशी और प्रमुख पति पप्पू खान गिरफ्तार- फोटो : हिमांशु

Motihari : बिहार एसटीएफ (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी जालसाज और कई संगीन आपराधिक मामलों के आरोपी प्रखंड प्रमुख पति सह जन सुराज के केसरिया विधानसभा प्रत्याशी नाज़ अहमद खान उर्फ पप्पू खान को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है।


20 हजार का घोषित इनामी था आरोपी पप्पू खान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नाज़ अहमद खान उर्फ पप्पू खान लंबे समय से फरार चल रहा था। आपराधिक मामलों में लगातार पुलिस को चकमा देने के कारण जिला पुलिस की अनुशंसा पर उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ की टीम लगातार उसके ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी, जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे धर-दबोचा गया।


दर्ज हैं 23 संगीन आपराधिक मामले

गिरफ्तार प्रखंड प्रमुख पति का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, नाज़ अहमद खान उर्फ पप्पू खान पर जालसाजी, धोखाधड़ी और रंगदारी सहित विभिन्न थानों में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इलाके में कई बड़े मामलों में पुलिस के लिए वांटेड बना हुआ था।


राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

पप्पू खान की पहचान सिर्फ एक रसूखदार प्रखंड प्रमुख पति के रूप में ही नहीं, बल्कि चुनावी राजनीति में भी थी। वह आगामी चुनावों को लेकर केसरिया विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के घोषित प्रत्याशी के रूप में जमीन पर सक्रिय थे। चुनाव प्रचार के बीच हुई इस बड़ी गिरफ्तारी से इलाके के राजनीतिक गलियारों और जन सुराज खेमे में भारी हड़कंप मच गया है।


पुलिस कर रही है आगे की कानूनी कार्रवाई

एसटीएफ द्वारा दबोचे जाने के बाद आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस गिरफ्तारी को मोतिहारी पुलिस और एसटीएफ की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


हिमांशु की रिपोर्ट