Bihar News: जिउतिया पर्व के दिन मातम, डूबने से 8 समेत 11 मौतों से मचा कोहराम

Bihar News: पूर्वी चंपारण में जिउतिया पर्व के पहले ही दिन अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

Jitiya Turns Tragic in Bihar

Bihar News: पूर्वी चंपारण में जिउतिया पर्व के पहले ही दिन अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिले में डूबने, आत्महत्या, ट्रेन की चपेट में आने और हत्या की घटनाओं में कुल 11 लोगों की मौत की सूचना है। एक ही दिन में मौतों की इस कड़ी से कई परिवारों में चीख-पुकार मच गई।पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के वार्ड संख्या सात में तालाब में स्नान करने गईं चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रमोद महतो की पुत्रियों सोनामति (13) और फूलमती (10), वीरेंद्र महतो की पुत्री सोनाली कुमारी (10) तथा अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिमा कुमारी (12) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक प्रमोद महतो की दोनों बेटियां पड़ोस की बच्चियों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान हादसा हो गया।

बंजरिया थाना क्षेत्र में मॉडल थाना भवन से बंजरिया जटवा जाने वाली सड़क के किनारे बाढ़ के पानी में डूबने से तीन युवकों की जान चली गई। गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान चैलाहा टाल निवासी यश राज (17), पिता विनोद कुमार सिंह, समीर देवान (20), पिता बशीर देवान और शकील अंसारी (17), पिता साहेब अंसारी के रूप में हुई है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेजे गए।

घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमुइया गांव में भी तालाब में डूबने से 14 वर्षीय काजल कुमारी की मौत हो गई। वह रामबाबू साह की पुत्री थी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नंदनी कुमारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी मुन्ना साह की पुत्री थी। दूसरी ओर लखौरा थाना क्षेत्र के नजीरवा गांव निवासी 45 वर्षीय कृष्णा साह की रक्सौल थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

आदापुर थाना क्षेत्र के कलवारी मंझरिया में 30 वर्षीय सुनीता देवी की हत्या का मामला भी सामने आया है। उसके गर्दन और छाती पर जख्म के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने घटनाओं पर गहरा दुख जताया है। पहाड़पुर में मृत चार बच्चियों के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल सहायता दी गई है। आपदा प्रबंधन के तहत प्रत्येक मृतका के परिजन को चार-चार लाख रुपये की सहायता का चेक भेजा गया है। डूबने से मृत अन्य लोगों के परिजनों को वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि देने की बात कही गई है।