Bihar News : मोतिहारी में ड्यूटी छोड़ पिकनिक मनाना थानाध्यक्ष को पड़ा भारी, एसपी ने किया सस्पेंड

Bihar News : मोतिहारी में ड्यूटी छोड़ पिकनिक मनाना थानाध्यक्

Motihari : पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर सख्त तेवर दिखाए हैं। एसपी ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में बीजधरी थानाध्यक्ष विकास कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस कप्तान की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

निलंबन की मुख्य वजह थानाध्यक्ष का बिना किसी पूर्व अनुमति या सूचना के अपना कार्यक्षेत्र और जिला छोड़ देना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, विकास कुमार जिला मुख्यालय या वरीय अधिकारियों को बताए बिना ही पिकनिक मनाने के लिए जिले से बाहर चले गए थे। नियमों के विरुद्ध जाकर मुख्यालय छोड़ने के इस मामले को एसपी ने गंभीरता से लेते हुए यह कड़ा कदम उठाया है।

इस लापरवाही का खुलासा तब हुआ जब केसरिया स्तूप से बीजधरी जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लग गया। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम में जूझना पड़ा, लेकिन जब स्थिति को संभालने के लिए थानाध्यक्ष की खोज हुई, तो वे मौके से गायब मिले। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय SHO की अनुपस्थिति ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।

जाम की सूचना और थानाध्यक्ष के लापता होने की जानकारी जब एसपी स्वर्ण प्रभात तक पहुँची, तो उन्होंने मामले की जांच कराई। जांच में पुष्टि हुई कि थानाध्यक्ष न केवल ड्यूटी से गायब थे, बल्कि वे बिना इजाजत जिले की सीमा से बाहर पिकनिक मनाने गए हुए थे। संकट के समय जनता को उनके हाल पर छोड़ना और अनुशासन का उल्लंघन करना थानाध्यक्ष के लिए भारी पड़ गया।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस कार्रवाई के माध्यम से जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अधिकारियों को हर समय अलर्ट रहना चाहिए और मुख्यालय छोड़ने से पहले सक्षम अधिकारी की अनुमति अनिवार्य है। वर्तमान में बीजधरी थाने की कमान दूसरे अधिकारी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

हिमांशु की रिपोर्ट