Bihar News : शराब तस्कर ने जमादार को बाइक से मारी टक्कर, जांबाज सिपाही ने जान पर खेलकर दबोचा, शराब और बाइक किया बरामद

Bihar News : शराब तस्कर ने जमादार को बाइक से मारी टक्कर, जां

Motihari : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सरोतर पहल चेकपोस्ट पर शराब तस्करों को पकड़ने के प्रयास में तैनात एक जमादार (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गए। तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारी को जोरदार ठोकर मार दी। हालांकि, मौके पर मौजूद एक सिपाही की सूझबूझ और बहादुरी से तस्कर को शराब की खेप और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि डुमरिया घाट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-27 के रास्ते भारी मात्रा में शराब की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो वह सरोतर पहल चेकपोस्ट की ओर भाग निकला, जहाँ पहले से ही बैरिकेडिंग कर सअनि मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मुस्तैद थे।

चेकपोस्ट पर तैनात सअनि मनीष कुमार ने जब तस्कर को रुकने का इशारा किया, तो अपराधी ने बाइक की रफ्तार कम करने के बजाय उन्हें सीधे टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में मनीष कुमार गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। तस्कर इस मौके का फायदा उठाकर भागने ही वाला था कि तभी वहां मौजूद एक सिपाही ने अदम्य साहस का परिचय दिया। सिपाही ने भागते हुए तस्कर पर लाठी से प्रहार कर उसे बाइक सहित जमीन पर गिरा दिया और दबोच लिया।

जख्मी जमादार मनीष कुमार को आनन-फानन में मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही चकिया एसडीपीओ संतोष कुमार और थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम घायल अधिकारी की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि पुलिस विभाग ने अपने घायल साथी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के पास से भारी मात्रा में शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी की पूरी 'कुंडली' खंगालने में जुटी है कि वह शराब कहाँ से लाया था और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी। एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी को घायल करने वाले अपराधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। 

हिमांशु की रिपोर्ट