Bihar News : मधुबन CHC में विधायक राणा रणधीर का बड़ा एक्शन, इंज्यूरी रिपोर्ट के नाम पर अवैध वसूली और डॉक्टरों की मनमानी पर बिफरे, EOU से करेंगे शिकायत

Bihar News : मोतिहारी में मधुबन CHC का विधायक राणा रंधीर ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान विधायक ने इंज्यूरी रिपोर्ट के नाम पर अवैध वसूली और डॉक्टरों की मनमानी पर नाराजगी जाहिर की......पढ़िए आगे

Bihar News : मधुबन CHC में विधायक राणा रणधीर का बड़ा एक्शन,
विधायक ने जताई नाराजगी - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी जिले के मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में व्याप्त भ्रष्टाचार और चिकित्सकों की मनमानी के खिलाफ विधायक राणा रणधीर ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को विधायक द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी पाई गई। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंद्रजीत कुमार अपनी ड्यूटी से नदारद मिले, जिसे लेकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके से ही दूरभाष पर सिविल सर्जन को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विधायक के निरीक्षण में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। अस्पताल में नियमित डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण गंभीर मरीजों का इलाज आयुष डॉक्टरों के भरोसे चल रहा था। लापरवाही की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब रिकॉर्ड की जांच के दौरान एक 60 वर्षीय मरीज की उम्र कागजों में 90 वर्ष दर्ज पाई गई। विधायक ने डॉ. इंद्रजीत कुमार और डॉ. अविनाश कुमार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी तंत्र को मजाक बना दिया गया है, जहाँ मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है।

राणा रणधीर ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें लंबे समय से मरीजों के इलाज में घोर लापरवाही और सबसे गंभीर मुद्दा—'इंज्यूरी रिपोर्ट' (जख्म प्रतिवेदन) बनाने के नाम पर गरीब जनता से अवैध उगाही की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले भी उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर सुधार की चेतावनी दी थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। बिचौलियों और कुछ भ्रष्ट कर्मियों के गठजोड़ से पीड़ितों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है।

विधायक ने इस बार आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि वे केवल विभागीय शिकायत तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इंज्यूरी रिपोर्ट के नाम पर होने वाली अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के साक्ष्यों के साथ स्वयं पटना स्थित आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में मामला दर्ज कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवा जैसी बुनियादी जरूरत में भ्रष्टाचार और लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजकर ही दम लेंगे।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस मौके पर डॉ. संतोष कुमार रंजन, हेल्थ मैनेजर, रवि कुमार पासवान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे, जिनसे विधायक ने विभिन्न पंजियों और उपलब्ध दवाओं की जानकारी भी ली। स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल का स्वागत किया है, क्योंकि मधुबन CHC लंबे समय से अपनी बदहाली और रेफरल सेंटर बनने के कारण चर्चा में रहा है। 

हिमांशु की रिपोर्ट