Bihar News : मोतीहारी में मनरेगा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: बिना मिट्टी भराई के FTP का खेल उजागर, अधिकारियों की चुप्पी बनी चर्चा का विषय

Bihar News : मोतीहारी में मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार का खेल उजागर होने के बाद भी बड़े अधिकारी की मेहरवानी चर्चा का विषय बनी है......पढ़िए आगे

Bihar News : मोतीहारी में मनरेगा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा:
मनरेगा में फर्जीवाड़ा - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मनरेगा योजना (जी राम जी योजना) के नाम पर भ्रष्टाचार का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंजरिया प्रखंड के सेमरा पंचायत स्थित श्री महावीर विष्णु उच्च विद्यालय सह मॉडल विद्यालय परिसर में बिना एक टोकरी मिट्टी भरे ही सरकारी राशि की निकासी का खेल चल रहा है। डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन मास्टर रोल उपलब्ध होने के बाद भी स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासनिक महकमे की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में मिट्टी भराई और फेवर ब्लॉक लगाने के लिए लगभग 9 लाख रुपये के दो अलग-अलग स्टीमेट तैयार किए गए थे। आरोप है कि धरातल पर योजना के नाम पर केवल घास छीलने का काम किया गया और जमीन पर एक इंच भी मिट्टी नहीं डाली गई। इसके बावजूद, कागजों पर फर्जी मास्टर रोल चलाकर दोनों योजनाओं से लगभग 50-50 हजार यानी कुल एक लाख रुपये से अधिक की राशि का FTP (फंड ट्रांसफर ऑर्डर) कर लिया गया।

इस पूरे फर्जीवाड़े में विभागीय अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। मनरेगा पोर्टल पर फर्जी मास्टर रोल अपलोड कर राशि निकासी की जिम्मेदारी प्रखंड स्तर के कार्यक्रम पदाधिकारी (PO) से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों तक की होती है। ऐसे में बिना जमीनी जांच के मास्टर रोल का FTP होना यह साबित करता है कि या तो अधिकारियों ने अपनी आँखें मूंद ली थीं या फिर इस भ्रष्टाचार में उनकी भी संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है।

मीडिया में धरातलीय सच्चाई, तस्वीरें और ऑनलाइन मास्टर रोल के पुख्ता साक्ष्य सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी केवल 'जांच कराने' की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। राज्यभर में भ्रष्टाचार में लिप्त भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, इसके बावजूद मोतीहारी में कागजों पर योजनाएं दम तोड़ रही हैं और जिम्मेदार अधिकारियों की इस कथित मेहरवानी पर आम जनता व स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। 

हिमांशु की रिपोर्ट