Bihar News : मोतिहारी में मिड-डे मील योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, बच्चों की थाली से गायब हुई दाल, सब्जी व अंडा, अखबारों में विज्ञापन पर उड़ रहे पैसे

Bihar News : मोतीहारी के स्कूल में नौनिहाल की थाली से दाल, सब्जी और अंडा गायब है. इसके बावजूद एमडीएम का विज्ञापन छपवाया जा रहा है. जिसकी चर्चा जोरों पर है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी में मिड-डे मील योजना में बड़ा फर्जीवाड
मिड डे मील में घोटाला - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी में स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मेनू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर दम तोड़ती दिख रही है। मिड-डे मील (MDM) की आपूर्ति करने वाली एनजीओ/एजेंसी नियमों को ताक पर रखकर नौनिहालों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही है। बच्चों को मेनू के अनुसार दी जाने वाली मिश्रित दाल, हरी सब्जियां और अंडा देने के बजाय सिर्फ चना की दाल में नेनुआ और लौकी मिलाकर खाना परोसा जा रहा है, जिससे बच्चों को पूरा पोषण नहीं मिल पा रहा है।

बच्चों के निवाले के पैसे से विज्ञापनों पर बहाया जा रहा पानी

एजेंसी द्वारा बच्चों की थाली से मिश्रित दाल, सब्जी और अंडे के पैसे में की जा रही कटौती को लेकर सोशल मीडिया पर आम लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोग कमेंट्स के ज़रिए आरोप लगा रहे हैं कि एनजीओ बच्चों के हक का पैसा डकार कर अखबारों में अपनी छवि चमकाने के लिए विज्ञापनों पर पानी की तरह बहा रही है। इससे पहले भी अरेराज प्रखंड के तीन स्कूलों में एमडीएम के खाने में कीड़ा मिलने का मामला सामने आ चुका है।

नियम दरकिनार कर अंडा की जगह दिया जा रहा केला

जिला प्रशासन द्वारा गठित पूर्व जांच टीम में यह खुलासा हुआ था कि अरेराज प्रखंड के केवल तीन विद्यालयों में ही बच्चों को अंडा दिया गया था, जबकि बाकी सभी स्कूलों में नियमों का उल्लंघन करते हुए सिर्फ एक-एक केला देकर अंडे की पूरी राशि गटक ली गई। इस गंभीर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता के बावजूद विभाग द्वारा डीपीओ स्तर से महज एक दिन की राशि कटौती का नाममात्र दंड दिया गया, जिससे एजेंसी के हौसले बुलंद हैं।

बीईओ की चेतावनी बेअसर, खाने में मिला कीड़ा

अरेराज बीईओ की जांच में भी एमडीएम आपूर्ति में भारी अनियमितता और वित्तीय घपला पकड़ा गया था। बीईओ द्वारा कड़ी चेतावनी दिए जाने के बावजूद गुरुवार को आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए एनपीएस प्राथमिक विद्यालय रढिया कन्या में चावल के साथ चना दाल और नेनुआ परोसा गया। मामला तब और गंभीर हो गया जब खाना खाने के दौरान उसमें कीड़ा निकल आया। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने भी मीडिया को बताया कि एनजीओ द्वारा कभी भी मेनू के अनुसार मिश्रित दाल या अलग से सब्जी नहीं दी जाती है।

उच्चस्तरीय जांच की मांग और 24 घंटे में मांगी गई रिपोर्ट

खाने में कीड़ा मिलने और लगातार शिकायतें सामने आने के बाद डीईओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अरेराज बीईओ, डीपीएम (एमडीएम) और बीआरपी (एमडीएम) के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है, जिसे 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दूसरी ओर स्थानीय नागरिक और अभिभावक सोशल मीडिया पर वरिष्ठ अधिकारियों से एमडीएम एजेंसी के स्टॉक रूम और सीसीटीवी फुटेज की सूक्ष्मता से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

हिमांशु की रिपोर्ट