मनरेगा में बड़ा घोटाला: मोतिहारी के बंजरिया में बिना मिट्टी भराई कागजों पर मास्टर रोल भर निकाला 1 लाख से अधिक, पोर्टल पर अपलोड की घास छीलने की फोटो

मोतिहारी जिले में मनरेगा में बड़ा घोटाला का मामला सामने आया है। जिले के बंजरिया प्रखंड स्थित श्री महावीर विष्णु उच्च विद्यालय परिसर में 'जी राम जी' (मनरेगा) योजना के तहत कराए जा रहे फेवर ब्लॉक एवं मिट्टी भराई कार्य में यह घोटाला होने की बात सामने आई

मनरेगा में बड़ा घोटाला: मोतिहारी के बंजरिया में बिना मिट्टी
मनरेगा में बड़ा घोटाला- फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के बंजरिया प्रखंड अंतर्गत सेमरा स्थित श्री महावीर विष्णु उच्च विद्यालय सह मॉडल विद्यालय परिसर में 'जी राम जी' (मनरेगा) योजना के तहत कराए जा रहे फेवर ब्लॉक एवं मिट्टी भराई कार्य में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण व फेवर ब्लॉक निर्माण के लिए लगभग 9 लाख के दो अलग-अलग एस्टीमेट बनाए गए हैं। आरोप है कि बिना एक टोकरी मिट्टी गिराए ही अधिकारियों व बिचौलियों की मिलीभगत से 1 लाख से अधिक की राशि का फर्जी भुगतान उठा लिया गया है।


घास छीलकर पोर्टल पर अपलोड की फोटो, ऐसे खुली पोल 

भ्रष्टाचार की हद तब देखने को मिली जब धरातल पर वास्तविक मिट्टी भराई का काम कराने के बजाय केवल मैदान की घास छीलकर उसकी तस्वीर मनरेगा (MNREGA) पोर्टल पर अपलोड कर दी गई। पोर्टल पर अपलोड तस्वीरें और धरातल की ज़मीनी हकीकत खुद इस घोटाले की गवाही दे रही हैं। बताया जा रहा है कि एक फर्जी मास्टर रोल का भुगतान पहले ही निकाल लिया गया है, जबकि दूसरा मास्टर रोल अभी भी फर्जी हाजिरी के आधार पर चालू रखा गया है।


अधिकारियों के ढुलमुल रवैये पर उठे सवाल 

मामले में जब बंजरिया मनरेगा पीओ (PO) अश्विनी कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने शुरुआत में मामले का पता लगाने की बात कही, लेकिन बाद में उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।


प्रखंड प्रमुख अनिल यादव ने दिए जांच व भुगतान रोकने के आदेश 

इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए बंजरिया प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने बताया कि उन्होंने मनरेगा पीओ को मामले की तत्काल जांच करने और इस योजना से जुड़े किसी भी अगले भुगतान (Advance/Further Payment) पर तुरंत रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया है।


हिमांशु की रिपोर्ट