कंधे पर बोरा ढोकर गंडक नदी का कटाव रोकने पहुंचे विधायक राजू तिवारी, टूटने से बचा चंपारण तटबंध

गंडक के विकराल रुप के कारण मोतिहारी जिले के नवादा पंचायत के मननपुर गांव के पास चंपारण तटबंध अचानक धंस गया और नदी का पानी तेजी से रिसाव करने लगा। हालांकि स्थानीय विधायक राजू तिवारी, प्रशासन और ग्रामीणों की सक्रियता ने इस रिसाव को समय रहते रोक दिया ..

कंधे पर बोरा ढोकर गंडक नदी का कटाव रोकने पहुंचे विधायक राजू
टूटने से बचा चंपारण तटबंध- फोटो : हिमांशु

Motihari : नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी विकराल रूप धारण कर चुकी है। इस बीच मोतीहारी (पूर्वी चंपारण) जिले के गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवादा पंचायत के मननपुर गांव के पास चंपारण तटबंध अचानक धंस गया और नदी का पानी तेजी से रिसाव करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोजपा (रामविलास) विधायक राजू तिवारी जेसीबी और सैकड़ों ग्रामीणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। तटबंध को टूटने से बचाने के लिए विधायक स्वयं ट्रैक्टर से बालू और मिट्टी की बोरियां अपने कंधों पर ढोकर रिसाव वाली जगह पर डालने लगे, जिसे देखकर ग्रामीण व कार्यकर्ता भी राहत कार्य में जुट गए।


नेपाल में बारिश से गंडक नदी उफान पर, डेढ़ दर्जन पंचायतें बाढ़ की चपेट में 

गंडक नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण अरेराज, संग्रामपुर, केसरिया और पहाड़पुर प्रखंड की लगभग डेढ़ दर्जन पंचायतें पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। पिछले तीन दिनों से जारी उफान के कारण मलाही से लेकर संग्रामपुर तक करीब आधा दर्जन स्थानों पर चंपारण तटबंध पर पानी का भारी दबाव और रिसाव बना हुआ है। इससे पूर्व, सरेया पंचायत के पांडेय टोला के पास मनरेगा योजना से बना रिंग बांध टूटने के कारण एक दर्जन गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया था, जिससे हजारों की आबादी प्रभावित हुई है।


विधायक और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से कई स्थानों पर रोका गया रिसाव 

गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी पिछले तीन दिनों से लगातार प्रभावित इलाकों में कैंप कर तटबंध के रिसाव को बंद कराने में जुटे हुए हैं। विधायक के इस सक्रिय प्रयास, जनप्रतिनिधियों के सहयोग और ग्रामीणों की एकजुटता के कारण सखवा, मननपुर, इजारा और नगदहा जैसे संवेदनशील स्थलों पर हो रहे रिसाव पर समय रहते काबू पा लिया गया। विधायक को खुद बोरा ढोते देख ग्रामीणों का मनोबल बढ़ा और सबने मिलकर एक बड़े हादसे को टाल दिया।


डीएम और एसपी ने रात भर तटबंध पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा 

तटबंध की सुरक्षा और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मोतीहारी के जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने रात भर तटबंध पर डटकर स्थिति की निगरानी की और बचाव कार्यों का नेतृत्व किया। प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर तटबंध की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी जा रही पॉलीथिन शीट, दर्जनों जगहों पर शुरू हुए कम्युनिटी किचन 

बाढ़ से विस्थापित हुए लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन और जन-प्रतिनिधियों द्वारा व्यापक स्तर पर राहत अभियान चलाया जा रहा है। प्रभावित परिवारों के बीच सिर छुपाने के लिए पॉलीथिन शीट का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही बेघर हुए लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए दर्जनों स्थानों पर सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) शुरू की गई हैं, जहां बाढ़ पीड़ितों को दोनों समय पका हुआ भोजन कराया जा रहा है।


हिमांशु की रिपोर्ट